चंडीगढ़। केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले ने सोमवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान सरकार की ओर से मिलने वाले लाभों के बारे में राज्यमंत्री ने अधिकारियों से ब्योरा लिया। राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचता चाहिए। इसके लिए समय समय पर समीक्षा बैठक करते रहें।
अधिकारियों ने राज्यमंत्री को वर्ष 2021-22 में लागू की गई योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। निदेशक समाज कल्याण विभाग ने बताया कि वर्ष 2021-22 में अंतरजातीय विवाह में प्रोत्साहन योजना के तहत 26 लाभार्थियों को 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। एससी, ओबीसी और सफाई कर्मचारियों के लिए राष्ट्रीय निगमों की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ दिया गया गया। 43 एससी, ओबीसी को उनके आर्थिक उत्थान के लिए लोन दिया गया है। 10वीं या 12वीं में 50 प्रतिशत व उससे अधिक अंक लाने पर सफई कर्मचारियों के बच्चों के लिए नकद पुरस्कार योजना के तहत 30 हजार रुपये दिए गए। वर्ष 2021-22 के लिए अब तक12 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन लेने के लिए 27 जनवरी 2022 अंतिम तिथि है। सफाई कर्मचारियों को कटिंग, टेलरिंग और फैशन डिजाइनिंग, कंप्यूटर एप्लीकेशन, ब्यूटी कल्चर जैसे विभिन्न वर्गों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वर्ष 2021-22 के दौरान 719 एससी, ओबीसी व सफाई कर्मचारियों को अब तक व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया गया।
एसएसपी ने बताए अत्याचार के आंकड़े
चंडीगढ़ पुलिस के एसएसपी ने पिछले तीन वर्षों के दौरान दर्ज किए गए अत्याचार के मामलों के आंकड़ों से अवगत
कराया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020, 2021 और 2022 के दौरान कुल चार मामले दर्ज किए गए। जिनमें से वर्ष 2020 में दर्ज 3 मामले रद्द कर दिए गए हैं। हाल ही में 5 जनवरी 2022 को दर्ज एक मामले की जांच की जा रही है।
राज्यमंत्री बोले- जल्द से जल्द जारी करवाएंगे धनराशि
निदेशक उच्च शिक्षा विभाग ने शिक्षा विभाग की ओर से लागू विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं व मेधावी छात्रों के लिए निशुल्क शिक्षा से संबंधित योजनाओं के बारे में राज्यमंत्री को जानकारी दी। बताया कि अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए वर्ष 2020-21 और 2021-22 के लिए 4.50 करोड़ रुपये की राशि केंद्र से जारी करना शेष है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार से जल्द से जल्द धनराशि जारी करवाने का प्रयास करेंगे।