अजनाला हिंसा के बाद पंजाब पुलिस में बड़े स्तर पर अफसरों का फेरबदल हुआ है। वहीं अमृतसर के कमिश्नर जसकरन सिंह समेत 18 अधिकारियों का तबादला किया गया है। गृह विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसमें कुछ अधिकारी ऐसे हैं, जिन्हें पदोन्नति के बाद नियुक्ति दी गई है।
एडीजीपी (कानून-व्यवस्था) अर्पित शुक्ला के अलावा एडीजीपी गुरिंदर पाल सिंह ढिल्लों भी कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी देखेंगे। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर का पद अब सीनियर आईपीएस अधिकारी नौनिहाल सिंह संभालेंगे जबकि जसकरण सिंह को आईजी इंटेलिजेंस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अरुण पाल सिंह को एडीजीपी मार्डेनाइजेशन पंजाब-चंडीगढ़, आरके जैसवाल को एडीजीपी एसटीएफ, मोहनीश चावला को एडीजीपी स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो पंजाब, सुरिंदपाल सिंह को एडीजीपी बठिंडा रेंज बनाया गया है।
वहीं जालंधर रेंज के आईजी गुरशरन सिंह संधू का तबादला आईजी क्राइम ब्रांच चंडीगढ़ के पद पर किया गया है। बलजोत सिंह राठौर को आईजी जीआरपी पटियाला लगाया है। यह पद खाली पड़ा था। गुरप्रीत सिंह भुल्लर को आईजी एजीटीएफ के साथ ही आईजी रूपनगर रेंज की जिम्मेदारी दी गई है। अजय मलूजा को डीआईजी एसटीएफ बठिंडा, नरेंद्र भार्गव को डीआईजी एनआरआई लुधियाना के अलावा डीआईजी बार्डर रेंज अमृतसर की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवीन सिंगला को डीआईजी इंटेलिजेंस पंजाब, राकेश कुमार कौशल को डीआईजी क्राइम चंडीगढ़, हरचरन सिंह भुल्लर डीआईजी पीएपी दो, बलविंदर सिंह कमांडेंट 82वीं बीएन पीएपी चंडीगढ़ और गगन अजीत सिंह को एआईजी ट्रैफिक पंजाब लगाया गया है।
पंजाब में अब दो अधिकारियों के कंधे पर कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी
पंजाब पुलिस में अब एडीजीपी कानून व्यवस्था के पद पर दो अधिकारी तैनात होंगे। मंगलवार को गृह विभाग के जारी आदेश के मुताबिक गुरिंदर सिंह ढिल्लों को पदोन्नति के बाद एडीजीपी कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले वह आईजी (कानून व्यवस्था) के पद पर तैनात थे। गृह विभाग ने अपने आदेश में साफ किया है कि एडीजीपी कानून व्यवस्था के पद पर पहले से तैनात सीनियर अधिकारी अर्पित शुक्ला ही प्रमुख होंगे। इससे जुड़े सभी विभागों को उन्हें ही रिपोर्ट करनी होगी। इसके अलावा कई अधिकारी हैं जिन्हें प्रमोशन तो एडीजीपी रैंक पर दी गई है लेकिन पहले वे जिस पर काम कर रहे थे, उसी पर ही करते रहेंगे।