लुधियाना के माडल टाउन की गुलाटी मार्केट में शुक्रवार को गारमेंट्स की मशहूर दुकान लक्की टावल हाउस पर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया और इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां भी मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। फायर ब्रिगेड की टीम ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार लक्की टावल हाउस की गुलाटी मार्केट में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। सुबह करीब पौने 11 बजे दुकान के अंदर से अचानक धुआं निकलने लगा। लोगों ने धुआं निकलता देख शोर मचाया। आसपास के लोगों ने दुकान मालिक को फोन कर इसकी जानकारी दी। जब तक वह पहुंचे तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और आग ने पूरी इमारत को घेर लिया था। घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड के आने से पहले ही इलाके के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन काबू नहीं पा सके। सूचना मिलने के बाद इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी वहां पहुंच गईं। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने की वजह से इमारत का तो नुकसान हुआ ही साथ ही अंदर रखे सभी कपड़े जलकर राख हो गए। दुकान मालिक का लाखों रुपये का माल जल गया।
घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी हुई खराब, लोगों ने धक्का मारकर की स्टार्ट
घटनास्थल पर ही फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी खराब हो गई। काफी समय तक दमकल विभाग का ड्राइवर गाड़ी स्टार्ट करने की कोशिश में लगा रहा लेकिन वह कामयाब नहीं हुआ तो वहां मौजूद करीब 10 से 12 लोगों ने गाड़ी को धक्का स्टार्ट किया।