माता-पिता, पत्नी और बेटी के साथ शहीद मेजर आशीष।
- फोटो : फाइल
जम्मू कश्मीर में शहीद हुए मेजर आशीष धौंचक का पार्थिव शरीर शुक्रवार को पानीपत पहुंचेगा। जम्मू कश्मीर में स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई के चलते आज पार्थिव शरीर नहीं मिल पाया है। एसडीएम पानीपत मनदीप सिंह ने बताया कि पहले पार्थिव शरीर के गुरुवार को पानीपत में आने की उम्मीद थी। लेकिन अब शव शुक्रवार को पानीपत पहुंचेगा। मेजर के पार्थिव शरीर को पहले उनके टीडीआई स्थित नए मकान में ले जाया जाएगा। इसके बाद उनके पैतृक गांव बिंझौल में अंतिम विदाई दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: Colonel Manpreet Singh: 2016 में आतंकी बुरहान वानी को किया था ढेर, बहादुरी की मिसाल थे कर्नल मनप्रीत
मेजर आशीष के पिता लालचंद पानीपत सेक्टर 7 में किराए के मकान में रहते हैं। उन्होंने पिछले दिनों ही टीडीआई में अपना प्लाट लेकर मकान का निर्माण शुरू कराया था। मेजर आशीष के जन्मदिन पर 23 अक्तूबर को गृह प्रवेश करना था। तब मेजर आशीष को छुट्टी पर आना था।
आतंकवाद को साफ कर रही है सरकार : विधायक
पानीपत शहर विधायक प्रमोद विज सेक्टर 7 में शहीद मेजर आशीष के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और सरकार की तरफ से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। विधायक प्रमोद विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आतंकवाद को पहले दिन से सफाया कर रहे हैं। आतंकवादियों के इस दुसाहस का भी सरकार जल्द ही बदला लेगी। मेजर आशीष राष्ट्र की सुरक्षा के लिए शहीद हुए हैं और हम सब उनके परिवार के साथ हैं। आतंकवाद अकेला भारत या जम्मू कश्मीर में नहीं बल्कि पूरी दुनिया में है। सरकार इनको साफ कर रही है और सरकार पर भरोसा बनाकर रखें।