एसएसपी ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले अमित कटोच और आरोपी रजत तिवारी सेक्टर-41 बड़हेड़ी में रहते थे। इस दौरान उनके बीच कभी पार्किंग तो कभी छोटी छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहा है।
इसी के चलते आरोपी रजत रंजिश रखने लगा और बीते शुक्रवार को अमित की हत्या कर दी। वारदात के दिन आरोपी रजत ने चाकू से वार किया। जबकि हरप्रीत ने कांच और बिल्ला ने हेलमेट से मारा।
आरोपी पर पहले भी मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार रजत पर सेक्टर-39 थाने में हत्या के प्रयास और सेक्टर-34 थाने में किडनैपिंग का केस दर्ज है। रजत की सेक्टर-39 थाने में दर्ज केस में गिरफ्तारी हो गई थी, जबकि किडनैपिंग के केस में पिछले अप्रैल महीने से फरार चल रहा था। आरोपी खरड़ स्थित एक कॉलेज से डिप्लोमा कर रहा है।
बीते शुक्रवार को सेक्टर-40 के मार्केट में सरेआम एक्टिवा और बाइक सवार पांच आरोपियों ने खरड़ के सन्नी एनक्लेव निवासी अमित कटोच की हत्या कर दी थी।
मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अमित को पीजीआई पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमित कटोच अपने पीछे एक जुड़वा भाई सुमित कटोच, दो विवाहित बड़ी बहनें और माता-पिता को छोड़ गया है।
सेक्टर-39 थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया, जिसके बाद क्राइम ब्रांच और सेक्टर-39 थाना पुलिस ने बुड़ैल निवासी तिलक, सेक्टर-55 निवासी रित्विक भारद्वाज उर्फ बिल्ला, सेक्टर-34डी निवासी चेतन सिंह और सेक्टर 43 निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ लाडी को गिरफ्तार किया था। आरोपी तीन-तीन दिन के रिमांड पर है। गुरुवार को सभी आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।