सौर ऊर्जा और सोलर पैनल के यूज को बढ़ावा देने के उद्देश्य ये मां मनसा देवी श्राइन बोर्ड बड़ी कवायद करने जा रहा है। बोर्ड को सोलर पैनल लगाने के लिए मंजूरी मिल गई है। इसके लिए टेंडर भी हो गए हैं और जल्द ही पैनल लगाने का काम शुरू हो जाएगा। मंदिर परिसर में अभी सौ केवी पावर जनरेट करने की मंजूरी मिली है।
सोलर पैनल लगने के बाद इसकी क्षमता को बोर्ड द्वारा पांच सौ केवी करवाने की योजना है। श्राइन बोर्ड के सीईओ वीजी गोयल ने बताया कि माता के दरबार में बिजली की खपत काफी होती है। ऐसी स्थिति में बिजली को बचाने के लिए सोलर पैनल लगवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसमें करीब 49 लाख रुपये का खर्च आएगा।
अपग्रेड करके पांच सौ केवी होगी क्षमता
वीजी गोयल ने बताया कि सोलर पैनल लगने के बाद इसकी क्षमता बढ़ाकर पांच सौ केवी किया जाएगा। इससे श्री माता मनसा देवी मंदिर लाइट आत्मनिर्भर हो जाएगा। इस प्रोजेक्ट में करीब दो करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
लिफ्ट के लिए भी जारी किया टेंडर
मंदिर में सीनियर सिटीजन की सुविधा के लिए लिफ्ट का प्रावधान किया जाएगा। लिफ्ट लगाने के लिए टेंडर किया जा चुका है। इसमें करीब एक करोड़ सात लाख रुपये का खर्च आएगा। लिफ्ट से वृद्धों को काफी आसानी होगी।
गाइड मैप भी लगाए जाएंगे
माता मनसा देवी के अलावा काली माता मंदिर कालका में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब गाइड मैप भी लगाए जाएंगे। जिससे दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने में आसानी हो। यह गाइड मैप तीन स्थानों पर प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ ही पूजा स्थल बोर्ड परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए 100 सफाई कर्मियों को माता मनसा देवी तथा 10 को काली माता मंदिर कालका में तैनात किया जाएगा।