सिख संगत पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब के दर्शन आसानी से कॉरिडोर के माध्यम से कर सके, इसके लिए बीते चार वर्ष से लुधियाना निवासी सुखदेव सिंह वालिया करतारपुर कॉरिडोर खुलवाने के लिए अपनी जंग लड़ रहे हैं। सुखदेव सिंह की मानें तो निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को करतारपुर कॉरिडोर की पूरी जानकारी उन्होंने खुद मुहैया कराई थी, ताकि वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ इस मुद्दे पर बात कर सकें।
इसके लिए वह खुद 9 दिन अमृतसर में नवजोत सिंह सिद्धू के बेटे कर्ण सिद्धू के साथ भी रहे। मकसद सिर्फ एक ही था कि सिख संगत को उनके पहले गुरु के ऐतिहासिक स्थल के दर्शन बिना किसी रोक-टोक के हो सके। सुखेदव सिंह के अनुसार केंद्र सरकार ने उनके इस सपने को काफी हद तक पूरा कर दिया है। 15 नवंबर 2018 को पाकिस्तान प्रधानमंत्री को लेटर भेजकर कॉरिडोर खोलने के लिए पहले से आग्रह कर चुके है। ताकि गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व पर दोनों देशों में एक नई पहल हो सके।