करीब साढे़ तीन तोले सोने की गुम हुई पायल को उसके असली हकदार तक पहुंचकर अमर उजाला रूपांतरण की सदस्य और सेक्टर-44सी मकान नं. 2329 निवासी सुषमा सनन ने ईमानदारी की मिसाल कायम की। इसमें उनका साथ उनके जेठ राजेंद्र कुमार और जेठानी जसपाल कौर ने दिया। इसके बाद सुषमा ने मोहाली फेज-2 निवासी कमलजीत तक पहुंचीं।
गौरतलब है कि अमर उजाला रूपांतरण क्लब की वेलकम पार्टी का आयोजन 19 जुलाई को एमसीएम डीएवी कालेज सेक्टर-36 में हुआ था। इसमें मोहाली निवासी कमलजीत कौर की एक पायल गुम हो गई थी, जो सुषमा को उनकी सीट के पास पड़ी मिली थी। जिसको उन्होंने दो दिन बाद 21 जुलाई को कमलजीत तक पहुंचा दी।
वॉट्स एप से पहुंची असली हकदार तक: सुषमा
सुषमा ने बताया जब उन्हें पायल मिली तो उन्होंने इसके बारे में अपनी बहन को बताया। उसने उन्हें इस पायल को दान या उसके असली हकदार तक पहुंचने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम की एंकर उमा महाजन से फोन पर संपर्क किया। कार्यक्रम के दौरान दो अन्य महिलाओं की ज्वेलरी गुम हुई थी, लेकिन वे आर्टिफिशियल थीं।
दोनों महिलाओं से उन्होंने वॉट्स एप पर संपर्क किया। ऑनर तक पहुंचने के लिए कालेज के नोटिस बोर्ड पर अपना नंबर चस्पा किया। इसके बाद शहर की कई अन्य महिलाओं के फोन भी आए। उमा महाजन की मदद से सुषमा ने कमलजीत कौर से संपर्क किया। इसके बाद उन्होंने कमलजीत से उनकी गुम हुई ज्वेलरी की तस्वीर वॉट्स एप पर मांगी। तस्वीर मिलवाने के बाद उन्होंने कमलजीत को घर बुलाकर ज्वेलरी लौटा दी।