पंजाब के फिरोजपुर में गांव अमीरखास के खुराना पेट्रोल पंप के पास पेट्रोल डलवाकर निकल रहे कार सवार व्यक्ति से बाइक सवार दो नकाबपोश शातिर हथियारों के बल पर 22.50 लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही एसएसपी मनजीत सिंह, डीएसपी (डिटेक्टिव) सुखविंदर सिंह व पुलिस पार्टी पहुंची।
गुरसेवक सिंह निवासी पक्का कालेवाला ने बताया कि वह अपने घर और एचडीएफसी बैंक से कुल 22.50 लाख रुपये नकदी लेकर रिश्तेदार के पास जा रहा था। रास्ते में वह गांव अमीरखास के निकट पेट्रोल डलवाने रुके तो इस दौरान एक बाइक पर सवार दो अज्ञात लुटेरे ने हथियार दिखाकर उससे 22.50 लाख रुपये की नकदी लूट ली। लुटेरों ने सिर्फ 12 सेकेंड में वारदात को अंजाम दिया।
लुधियाना में छह हजार रुपये की लूट
पक्खोवाल रोड पर शुक्रवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो चालक को टक्कर मार दी। इतना ही नहीं कार चालक ने ऑटो में बार-बार टक्कर मारी और पिस्तौल का बट मारकर ऑटो ड्राइवर से करीब छह हजार रुपये की नकदी लूट ली। इसके बाद कार चालक धमकी देकर फरार हो गया। युवक ने अपने दोस्त को फोन किया। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल कुलदीप सिंह ने बताया कि वह ऑटो चालक है और पक्खोवाल रोड पर अपना ऑटो लेकर जा रहा था। कार चालक काफी देर से उसका पीछा कर रहा था। पहले उसने ऑटो को पांच-सात बार टक्कर मारी। जैसे ही वह पक्खोवाल रोड के सुनसान इलाके में पहुंचा तो कार चालक ने उसे घेर लिया।
दिल्ली नंबर की कार से युवक उतरा और उसके साथ मारपीट करने लगा। जब कुलदीप ने विरोध किया तो हमलावर ने उस पर पिस्तौल तान दी और उसे बट मारकर घायल कर दिया। उसकी जेब से छह हजार रुपये और मोबाइल निकाल लिया। सिर में चोट होने की वजह से वह कार का नंबर नहीं नोट कर पाया लेकिन उसे इतना जरूर पता है कि वह दिल्ली नंबर की थी। इसके बाद वह व्यक्ति वहां से फरार हो गया। खून से लथपथ हालत में उसने अपने दोस्त को फोन किया। वह मौके पर पहुंचा और उसे सिविल अस्पताल में ले गया। दुगरी पुलिस को शिकायत दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।