इस बार लोकसभा के लिए चंडीगढ़ की चुनावी जंग बदली-बदली सी नजर आने वाली है। पिछले 15 साल से एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोक रही तिकड़ी में से कम से कम किसी एक चेहरे को मैदान छोड़ना पड़ सकता है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी (आप) के मैदान में आ जाने से भी चुनावी तस्वीर अलग दिखेगी।
चंडीगढ़ सीट के लिए पिछले 15 साल से मुख्य मुकाबला कांग्रेस के मौजूदा सांसद और पूर्व रेलमंत्री पवन कुमार बंसल, भाजपा के पूर्व सांसद सत्यपाल जैन और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के बीच होता रहा है। धवन और जैन इस बार भाजपा से टिकट के दावेदार हैं। पार्टी में उनके अलावा कई और भी इसके लिए दौड़ में हैं।
जाहिर है ऐसे में किसी एक को ही टिकट मिलेगी। भाजपा जैन, धवन या किसी तीसरे पर दांव लगाती है यह तो वक्त ही बताएगा। ऐसे में इन दोनों में से किसी एक को या दोनों को ही मैदान छोड़ना पड़ सकता है, इसकी संभावना है।
अगर राजनीतिक समीकरणों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होता और कांग्रेस पवन बंसल पर ही दांव लगाती है तो भी 1999 के बाद यह पहला मौका होगा जब तीनों दिग्गज जनता को आमने-सामने नजर नहीं आएंगे। मगर राजनीति में हर चीज की संभावना रहती है।
तिकड़ी में अब तक पांच मुकाबले
1991 से अब तक 23 साल में बंसल, धवन और जैन की तिकड़ी लोकसभा चुनाव में पांच बार एक दूसरे के मुकाबले में ताल ठोक चुकी है। इस बीच सिर्फ 1999 का चुनाव ऐसा था जब भाजपा ने जैन की जगह बाहरी उम्मीदवार कृष्ण लाल शर्मा को टिकट दिया था।
सात बार चुनाव लड़ चुके हैं धवन
हरमोहन धवन ने चंडीगढ़ से सात बार, पवन बंसल ने छह बार और सत्यपाल जैन ने पांच बार चुनाव लड़ा है। धवन ने पहली बार 1984 जबकि बंसल और जैन ने पहली बार 1991 में चंडीगढ़ से चुनाव लड़ा।
धवन ने पहली बार जनता दल की टिकट पर वर्ष 1984 में चंडीगढ़ से चुनाव लड़ा था और वह 36790 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे। इस चुनाव में कांग्रेस के जगन नाथ कौशल विजयी रहे। इसके बाद धवन ने 1989 में जनता दल की टिकट पर दोबारा मैदान में उतरे और 91212 वोट लेकर विजयी रहे।
उन्होंने कांग्रेस के जगन नाथ कौशल को हराया। इसके बाद धवन ने 1991 में जनता पार्टी, 1996 में समपा पार्टी (एसएपी), 1998 में समाज वादी जनता पार्टी (आर) की टिकट पर चुनाव लड़ा। 1999 में धवन ने चुनाव नहीं लड़ा और 2004 में इंडियन नेशनल लोक दल और 2009 में बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ा।
तिकड़ी के मुकाबलों का इतिहास
1991- विजेता बंसल
पवन कुमार बंसल---------76628
सत्यपाल जैन-------------61533
हरमोहन धवन------------50177
1996- विजेता सत्यपाल जैन
सत्यपाल जैन-------------101137
पवन कुमार बंसल---------77168
हरमोहन धवन------------45569
1998-विजेता सत्यपाल जैन
सत्यपाल जैन------------119787
पवन कुमार बंसल--------109421
हरमोहन धवन-----------41195
2004- विजेता पवन बंसल
पवन कुमार बंसल---------139880
सत्यपाल जैन-------------94632
हरमोहन धवन------------17762
2009- विजेता पवन बंसल
पवन कुमार बंसल----------161042
सत्यपाल जैन--------------102075
हरमोहन धवन-------------61434