मैं चंडीगढ़ में हाईटेक मीडिया और फिल्म सिटी लाऊंगी। लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी किरण खेर ने सीआईआई हेडक्वार्टर सेक्टर-31 में आयोजित ‘वोट की आकांक्षा’ नामक सेशन में उक्त बात कही।
कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री और वाईआई ट्राइसिटी चैप्टर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि चंडीगढ़ में फिल्म सिटी की जरूरत है। यहां प्रतिदिन कोई न कोई फिल्म शूट होती है।
बॉलीवुड के साथ ही यहां हॉलीवुड निर्देशक भी फिल्मों की शूटिंग करना पसंद करते हैं। यही कारण है कि पंजाबी और बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए यहां फिल्म प्रोड्यूसिंग, साउंड मिक्सिंग, डबिंग, एडिटिंग की हाईटेक सुविधाएं होनी चाहिए।
यहां के प्रोड्यूसरों को साउंड मिक्सिंग, एडिटिंग, डबिंग और दूसरे प्रोसेस के साथ फिल्म की फिनिशिंग के लिए मुंबई जाना पड़ता है। चंडीगढ़ में फिल्म सिटी बनेगी तो प्रोड्यूसर का समय बचेगा। साथ ही इससे चंडीगढ़ के रेवेन्यू में भी बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में कई स्लम बस्तियां हैं। वह प्रचार के दौरान इन बस्तियों में गईं। सिटी का सीवरेज सिस्टम पुराना हो गया है। पानी सप्लाई एक कनाल से होता है।
किरण खेर ने कहा कि सिटी को दोबारा नए सिरे से प्लान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिटी के पुराने कैरेक्टर को बरकरार रखते हुए उसको मार्डन टेक्नोलॉजी से युक्त करना चाहिए। यहां इको फ्रेंडली इंडस्ट्री जरूरी है। चंडीगढ़ में सर्विस सेक्टर को बढ़ाना जरूरी है।
इसमें हेल्थकेयर एजुकेशन, आईटी और आईटीईएस बैकिंग, टेलीकॉम, हॉस्पिटेलिटी जैसी सेवाओं को सुचारु किया जा सकता है। इसके साथ ही वोकेशनल एजुकेशन की ओर भी ध्यान दिया जाना जरूरी है।
इस मौके पर सीआईआई चंडीगढ़ काउंसिल के चेयरमैन दर्पण कपूर ने कहा कि उन्हें नई सरकार से कई उम्मीदें हैं। इस सेशन में सीआईआई नार्दर्न रीजन के रीजनल डायरेक्टर पिकेंदर पाल सिंह, चंडीगढ़ सीआईआई काउंसिल के पूर्व चेयरमैन मनमोहन सिंह, सीआईआई चंडीगढ़ काउंसिल के चेयरमैन दर्पण कपूर भी मौजूद रहे।