चंडीगढ़। लोकसभा चुनावों को लेकर हरियाणा निर्वाचन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार विभाग ने लोकसभा चुनावों में 75 प्रतिशत तक मतदान कराने का लक्ष्य रखा है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने प्रदेशभर के उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करें।
वह मंगलवार को यहां वीसी के माध्यम से सभी डीसी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। अग्रवाल ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में हुए कुल मतदान प्रतिशत को बढ़ाने का लक्ष्य लेकर हमें आगे बढ़ना होगा। आयोग का ध्येय है कि 18 साल की आयु पूरी होने के बाद कोई भी पात्र वोटर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाए बिना न रहे और न ही मतदान करने के लिए छूटे। जिला स्तर पर भी निर्वाचन अधिकारियों को आईकॉन बनाने चाहिए।
अग्रवाल ने कहा कि सभी जिलों में अपने-अपने क्षेत्रों में यथाशीघ्र सेक्टरल ऑफिसर और सुपरवाइजर पदनामित करें और संबंधित पुलिस अधिकारियों से भी संवाद करें। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी किये गए भारत के चुनाव आयोग के इलेक्शन प्लानर के अनुरूप अपने-अपने जिलों का डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन प्लानर तैयार करें। सभी जिला चुनाव अधिकारी कम से कम 15 दिनों में एक बार और निर्वाचक पंजीयन अधिकारी सप्ताह में एक बार मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्य की राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करें और समन्वय स्थापित करें। उन्होंने कहा कि जितने भी फॉर्म लंबित हैं उनका निपटान शीघ्र अति शीघ्र करें।