लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर वोटरों तक पहुंचने के लिए नेताओं द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसा ही सीएम कुछ कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी किया। पंजाब के मुख्यमंत्री ने राज्य की जनता से संपर्क साधने के लिए ट्विटर हैंडल इस्तेमाल करने का फैसला लिया है। उन्होंने आम लोगों से ट्वीट करके अपनी शिकायतें और सवाल भेजने का कहा है।
मुख्यमंत्री ट्विटर पर ही इसका जवाब देंगे। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस संबंध में ट्वीट करते हुए लिखा है कि पंजाब के पहले ट्विटर चौपाल के जरिए आप तक पहुंचूंगा। आप अपने सवालों के साथ हैशटैग कैप्टन दी चौपाल, का उपयोग करके मुझे ट्वीट कर सकते हैं। मैं 21 अप्रैल को आपके सवालों और चिंताओं का जवाब दूंगा, क्योंकि मैं नए जमाने की तकनीक का उपयोग करते हुए पुराने जमाने के विभिन्न मुद्दों को हल करता हूं।
उल्लेखनीय है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह अपनी व्यस्त दिनचर्या के बीच भी सोशल मीडिया के लिए समय निकाल लेते हैं। कैप्टन स्वयं बता चुके हैं कि वे हर रोज एक घंटा ट्विटर पर बिताते हैं। यही कारण है कि वे राज्य और देश से संबंधित किसी भी गतिविधि पर तुरंत ट्वीट कर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने आम लोगों से सीधे संपर्क कायम करने के लिए इन दिनों सबसे ज्यादा प्रचलित तकनीकी ढंग चुना है।