पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने लंबी में मतदान करने के बाद मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि बठिंडा व फिरोजपुर सीट शिअद बडे़ अंतर से जीत रहा है। वो खुद दोनों सीटों पर चुनाव प्रचार करके आए हैं। जनता का रुझान फिर से मोदी को प्रधानमंत्री देखना है जिसके चलते जनता शिअद भाजपा उम्मीदवारों को वोट करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अकाली दल को दो फाड़ करने का प्रयास किया है। लेकिन अकाली दल को कोई फर्क नहीं पड़ता अगर वो भी खुद शिअद को छोड़कर चले जाएंगे तो भी अकाली दल चलता रहेगा। बादल ने दावा किया कि सूबे से इस बार हैरान करने वाले नतीजे सामने आएंगे।
अमरिंदर सीएम पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार रहें : मजीठिया
पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने मजीठा विधानसभा हलका में मतदान करने के बाद मंत्री नवजोत सिद्धू पर तंज कसते हुए कहा कि वह ‘नाचा’ है। उसने चुनाव प्रचार नहीं किया, बल्कि मंच का प्रयोग नाचने के लिए किया है। सिद्धू के प्रचार का ढंग ऐसे था जैसा उन्हें भाड़े में लाया गया हो। कांग्रेस ने सिद्धू की पत्नी को बठिंडा लोकसभा चुनाव लड़ने का ऑफर दिया था।
हिम्मत होती तो सिद्धू उन्हें चुनाव मैदान में उतारते। तब सिद्धू ने कहा था कि उनकी पत्नी कोई स्टपनी नहीं है। अकाली दल किसी भी राजनीतिक पार्टी के साथ कोई भी फ्रेंडली मैच नहीं खेल रहा।
उन्होंने कहा कि एक सिख होने के नाते सिद्धू प्रियंका गांधी को रहबर कहे, इससे बड़ी शर्मनाक बात नहीं हो सकती। मजीठिया ने कहा कि 23 मई को चुनाव परिणाम आने वाले हैं, कैप्टन अमरिंदर सिंह सीएम पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार रहें।