लोकसभा चुनाव 2019 के लिए हलका गुरदासपुर से भाजपा की ओर से अभिनेता सनी देओल को उम्मीदवार बनाए जाने पर पार्टी में बगावती सुर उठने लगे हैं। हलके में कांग्रेस के किले को ध्वस्त करने वाले विनोद खन्ना की पत्नी कविता खन्ना और स्वर्ण सलारिया ने जल्द ही कोई बड़ा फैसला लेने के संकेत दिए हैं।
कयास लगाए जा रहे हैं कि कविता खन्ना आजाद उम्मीदवार के तौर पर नामांकन भर सकती हैं। कविता खन्ना ने फोन पर बातचीत में बताया कि वह दिल्ली में हैं और वीरवार या शुक्रवार को समर्थकों के साथ प्रेस कांफ्रेंस करके रणनीति के संबंध में खुलासा करेंगी।
उनका कहना है कि हलके के लोग उन्हें और विनोद खन्ना को दिल में बसाते हैं और उन्हें प्यार करते हैं। वह लोगों की भावनाओं की कदर करती हैं और उनकी सहमति पर ही अपनी मोहर लगाएंगी। वह खुलकर बोलने की हिम्मत रखती हैं और किसी से डरती नहीं हैं। जो भी होगा आने वाले दिनों में पत्ते खोल दूंगी।
दूसरी तरफ स्वर्ण सलारिया ने कहा कि 27 अप्रैल को वह प्रेस कांफ्रेंस करके सबको अगली रणनीति बताएंगे। कई भाजपा नेताओं और वर्करों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि विनोद खन्ना के निधन के बाद कविता खन्ना और स्वर्ण सलारिया ही हलके में भाजपा का झंडा लहरा रहे हैं। लेकिन हाईकमान ने पैराशूट प्रत्याशी सनी देओल को मैदान में उतार दिया। पार्टी की हालत इतनी खस्ता नहीं थी कि उन्हें कोई बाहर से उम्मीदवार उतारना पड़ता।