हरियाणा में लोकसभा चुनाव 2019 के लिए सरगर्मियां तेजी से बढ़ने लगी हैं। इनेलो ने शुक्रवार को तीन और प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। कुरुक्षेत्र के रण से इनेलो ने ताऊ देवीलाल की चौथी पीढ़ी के युवा नेता अर्जुन चौटाला को मैदान में उतारा है। अभय चौटाला के बेटे अर्जुन पहली बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं। उनके कंधे पर सियासत की विरासत को बचाने की बड़ी चुनौती होगी।
कुरुक्षेत्र में प्रत्याशियों की घोषणा करते हुए इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने बताया कि कुरुक्षेत्र सीट से 26 वर्षीय अर्जुन चौटाला, रोहतक से इनेलो सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष 54 वर्षीय धर्मवीर फौजी और भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से 38 वर्षीय पूर्व सैनिक बलवान सिंह यादव चुनाव लड़ेंगे। वहीं, गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी की घोषणा शनिवार को होगी। इनेलो ने अंबाला, सोनीपत, सिरसा, करनाल, फरीदाबाद और हिसार लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशियों की घोषणा पहले कर चुका है।
इनेलो के प्रत्याशी
कुरुक्षेत्र -- अर्जुन चौटाला
भिवनी-महेंद्रगढ़ --बलवान सिंह यादव
रोहतक ---धर्मवीर फौजी