लोकसभा चुनाव 2019 की घोषण होते ही हरियाणा में जाट समाज की सियासत गरमाने लगी है। महम चौबीसी के चबूतरे पर 17 मार्च को सर्व खाप पंचायत होगी। इसमें जाट नेता यशपाल मलिक को घेरकर जेल से आए युवा समझौते के लिए कैप्टन अभिमन्यु को मनाने की तैयारी कर रहे हैं। बकौल पवन हुड्डा वित्त मंत्री का रुख उनके प्रति सकारात्मक है।
उम्मीद है जल्दी ही जेलों में बंद युवा भी बाहर आ जाएंगे। फरवरी 2016 में प्रदेश के अंदर जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हिंसा भड़क गई थी। सबसे ज्यादा जान व माल का नुकसान रोहतक, सोनीपत व झज्जर में हुआ था। रोहतक में तो वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की कोठी में आग लगा दी गई थी। मामले की सीबीआई ने जांच की।
जांच के बाद पहले 40 युवाओं को गिरफ्तार किया था। बाद में आरोपियों की संख्या बढ़कर 70 हो गई। इसमें 45 आरोपियों की जमानत हो चुकी है, जबकि 9 आरोपी अभी न्यायिक हिरासत के चलते जेल में हैं। जेल में बंद आरोपियों में सुदीप कलकल, मनोज दूहन, गौरव बुधवार, हरिओम नौंनद, दिलावर, अभिषेक, संदीप मास्टर, कुलबीर फौगाट व लक्ष्य पंपू शामिल हैं, जबकि 14 आरोपी भी अदालत से पीओ घोषित हैं।
सीबीआई की तरफ से मामले में मुख्य चार्जशीट के अलावा दो अनुपूरक (स्पलिमेंटरी) चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। हालांकि अभी आरोप तय नहीं हुए हैं।
अठगामा खाप महापंचायत की आयोजक, मलिक विरोधी देंगे साथ
महम चौबीसी के चबूतरे पर आयोजित खाप पंचायत का आयोजन अठगामा खाप की तरफ से किया जा रहा है। इसके अध्यक्ष एडीसी ऑफिस के पूर्व अधिकारी वेदप्रकाश आर्य हैं। साथ ही जेल से आए युवा व मलिक के कभी साथी रहे रामकिशन मोखरा, ऋषि सरपंच, राजसिंह हुड्डा आसन, प्रीत बालंद, सुरेंद्र चिड़ी, पवन हुड्डा, सोमबीर जसिया भी साथ दे रहे हैं।
तीन साल में पहली बार वित्त मंत्री का रुख नरम
मामले को लेकर उनकी वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु से मुलाकात हुई थी। वित्त मंत्री का रुख सकारात्मक है। उन्होंने भरोसा दिया है कि वे जल्द मामले को लेकर समय देंगे। ऐसे में महम चौबीसी के चबूतरे पर 17 मार्च को सर्वखाप पंचायत होगी। पंचायत में जाट समाज को बताया जाएगा कि कैसे यशपाल मलिक ने समाज को गुमराह किया।
वित्त मंत्री से नहीं हो सका संपर्क
पूरे मामले में प्रदेश के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। उनके निजी सचिव रोहित ने कॉल रिसीव की। उनको बताया गया कि जाट आरक्षण आंदोलन की हिंसा मामले में वित्त मंत्री का पक्ष लेना है। रोहित ने कहा कि मंत्री अभी व्यस्त हैं। जैसे ही फ्री होंगे बात कराएंगे। जैसे ही वित्त मंत्री पक्ष देंगे, उसे प्रकाशित किया जाएगा।
महम चौबीसी के चबूतरे पर खाप पंचायत का न्योता मिला है। इसमें जेल में बंद युवाओं को कैसे बाहर निकाला जाए। इसके लिए कदम उठाने पर चर्चा होगी।
- ओमप्रकाश नांदल, प्रधान नांदल खाप