आचार संहिता लागू होने के बाद कम्युनिटी सेंटर में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करना भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन सहित सभी छह पार्षदों को महंगा पड़ सकता है। चुनाव आचार संहिता के नोडल अधिकारी अनिल गर्ग ने सभी की फाइल तैयार कर ली है। अब इस पर कार्रवाई करने का निर्णय एडिशनल मुख्य चुनाव अधिकारी मनदीप बराड़ को लेना है। सूत्रों की मानें तो टंडन और सभी पार्षदों पर आदर्श आचार संहिता के तहत कार्रवाई होना तय है।
फिलहाल मामले में टंडन का कहना है कि उन्होंने कोई वॉयलेशन नहीं किया है। वह केवल कुछ लोगों की समस्याएं ही सुन रहे थे। इसमें कोई वॉयलेशन नहीं हुआ है। लोकसभा चुनाव में आदर्श आचार संहिता के नोडल अधिकारी और अतिरिक्त कमिश्नर अनिल गर्ग ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद बुधवार को बीजेपी अध्यक्ष संजय टंडन, पूर्व मेयर अरुण सूद, पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली, पार्षद रवि शर्मा, पार्षद हाजी खुर्शीद, पार्षद भरत कुमार, पार्षद सतप्रकाश अग्रवाल को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया था।
नोडल अधिकारी ने बताया कि सभी ने अपना जवाब लिखित तौर पर दे दिया है। गर्ग के मुताबिक टंडन और पार्षदों ने बताया कि उन्होंने चुनाव आचार संहिता के विपरीत कोई काम नहीं किया है। वे लोग कम्युनिटी सेंटर में कुछ लोगों की केवल समस्याएं सुन रहे थे। गर्ग का कहना है कि फाइल तैयार हो गई है। एडिशनल मुख्य चुनाव अधिकारी को शाम तक इसे भेज दिया जाएगा। वही इस मामले में कार्रवाई तय करेंगे।
ऐसे हो सकती है कार्रवाई
सूत्रों की मानें तो कम्युनिटी सेंटर के आसपास जिस प्रकार झंडा व बैनर लगे वाहन खड़े थे, उससे तो लगता है कि टंडन और छह पार्षदों पर आयोग की कार्रवाई होना तय है। इसके तहत आयोग सभी को पहली वार्निंग जारी करते हुए पार्टी फंड से आचार संहिता के तहत वाजिब रकम वसूल सकता है।
जेई समेत सभी 6 कर्मचारियों की रिपोर्ट आयोग को जाएगी भेजी
नगर निगम कमिश्नर केके यादव ने कहा कि आदर्श आचार संहिता के उल्लघंन के मामले में जेई अमन कुमार, अमरीक सिंह, अशोक कुमार, सुपरवाइजर नरेश, चौकीदार भोला और नन्हू की रिपोर्ट आयोग को भेजेगा। गौरतलब है कि सभी को बुधवार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जा चुका है।
यह है मामला
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा व मुख्य सचिव विनोद शर्मा ने संजय टंडन पर आदर्श आचार संहिता के वॉयलेशन का आरोप लगाते हुए आयोग के पास शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि बीते मंगलवार को बीजेपी अध्यक्ष संजय टंडन ने सेक्टर-29, सेक्टर-37 व रामदरबार में स्थित कम्युनिटी सेंटर के अंदर पार्टी के कार्यकर्ताओं संग बैठक की, जिसमें लोकसभा चुनाव को लेकर विचार-विमर्श किया गया।