लोकसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी का लेकर जिस तरह का कयास लगाया जा रहा था, वह रविवार देर शाम को साफ हो गया। कांग्रेस ने सोनीपत लोकसभा सीट पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जाट कार्ड खेल दिया है तो हुड्डा के चुनाव मैदान में उतरने से यह प्रदेश की हॉट सीट बन गई है। चुनाव के लिए नामांकन से दो दिन पहले ही कांग्रेस ने अपना यह कार्ड खेला, क्योंकि भाजपा, इनेलो व लोसुपा पहले ही अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी थी। अब केवल जजपा का प्रत्याशी घोषित होना बाकी रह गया है।
प्रत्याशी घोषित करने के लिए पहले से ही चल रही थी खींचतान
सोनीपत लोकसभा सीट पर प्रत्याशी घोषित करने को लेकर सभी पार्टियों में शुरुआत से काफी खींचतान चल रही है। जहां भाजपा सांसद रमेश कौशिक के टिकट कटने के कयास लगाए जा रहे थे, वहीं सबसे पहले भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया और रमेश कौशिक पर ही दूसरी बार दांव खेला गया। हालांकि सांसद रमेश कौशिक को पिछले पांच साल में कई गांवों में नहीं जाने के कारण विरोध भी झेलना पड़ रहा है। भाजपा ने जातीय समीकरण साधते हुए गैर जाट वोटों पर निशाना रखकर रमेश कौशिक को प्रत्याशी बनाया है। वहीं इनेलो ने जाट बिरादरी के सुरेंद्र छिक्कारा को चुनाव मैदान में उतारा है। इस तरह ही लोसुपा ने पिछड़ा वर्ग से राजबाला को मैदान में उतारा हुआ है। चुनाव नामांकन के केवल दो दिन बाकी है और कांग्रेस व जजपा के प्रत्याशी सामने नहीं आने पर हर कोई नाम को लेकर खूब कयास लगा रहा था।