हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर पंजाब के मंत्री नवजोत सिद्धू पर निशाना साधा है। विज ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और कमल हसन को भी आड़े हाथों लिया है।
पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब में स्टार प्रचारक न बनाने को लेकर तंज कसते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से ज्यादा अच्छी तरह से जानते हैं। अमरिंदर सिंह को पता है कि वह एक जोकर है और यह सर्कस में ही काम कर सकता है, पार्टियों में नहीं।
विज ने पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ममता बनर्जी एक मुख्यमंत्री के नाते व्यवहार न करके किसी गैंगस्टर के रूप में व्यवहार कर रही है। यही कारण है कि पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा लगातार जारी है।
विज ने कहा कि सारे देश में चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव करवाया है और जो तथाकथित प्रदेश हुआ करते थे, जहां हिंसा होती थी वहां पर भी ऐसा नहीं हुआ। लेकिन पश्चिम बंगाल में जो हिंसा हो रही है वह ममता बनर्जी के व्यवहार के कारण हो रही है।
कमल हसन के नाथूराम गोडसे को आजाद भारत का पहला हिंदू आतंकवादी कहने पर पलटवार करते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता और हर कत्ल करने वाले को आतंकवादी नहीं कहा जा सकता। विज ने कहा कि कमल हसन का ज्ञान कम है।
कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी और प्रियंका के अलावा और कुछ स्टार प्रचारक ना होने पर तंज कसते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में गांधी परिवार के सिवा और है ही क्या? गांधी परिवार के अलावा इन्होंने किसी और को कभी आगे आने ही नहीं दिया।