चुनाव के दौरान कोई भी कर्मचारी अपनी चुनावी ड्यूटी को लेकर बिना ठोस वजह के इनकार नहीं कर सकते हैं। चुनावी ड्यूटी से इनकार करने पर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस बाबत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
इतना ही नहीं कर्मचारियों की ड्यूटियों में भी पूरी तरह से पारदर्शिता रहेगी। इसके लिए पहली बार ऐसा होगा कि चुनावी ड्यूटी एक साफ्टवेयर के माध्यम से लगेगी। ताकि चुनावी ड्यूटी तय करने में किसी प्रकार भेदभाव न हो सके।
हरियाणा के संयुक्त निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने वाले स्टाफ की रैंडेमाइजेशन के लिए इलेक्शन ड्यूटी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर (ईडीएमएस) तैयार किया गया है। इस सॉफ्टवेयर की मदद से पारदर्शी तरीके से स्टाफ की ड्यूटियां लगाई जाएंगी।
उनके अनुसार मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन की ओर से सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 3 दिन के भीतर अपने जिला के सभी पोलिंग बूथ चेक कर लें और स्टॉफ का डाटा भी फीड करवा लें।