रोहतक : प्रदेश की सबसे हॉट सीट रोहतक से बसपा ने उद्योगपति किशनलाल पांचाल को टिकट दिया है। पांचाल झज्जर जिले के गांव रोहद के मूल निवासी हैं। उनका दिल्ली व मुंबई में कारोबार है। दिल्ली में सामाजिक संगठनों से जुड़े रहे हैं। पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।
करनाल : सीएम मनोहर लाल की कर्मभूमि करनाल लोकसभा सीट पर बसपा ने असंध के नजदीक गांव रमाणा गांव निवासी पंकज चौधरी को टिकट दिया है। पंकज के पिता गांव के सरपंच रहे हैं। जबकि भाई कारोबारी हैं। पहली बार पंकज लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
बची सीटों पर घोषणा तीन दिन में : डॉ. मेघराज
बसपा प्रदेश प्रभारी डाक्टर मेघराज का कहना है कि सबसे पहले बसपा-लोसुपा गठबंधन ने अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं। बची चार सीटों सोनीपत, कुरुक्षेत्र, सिरसा व गुड़गांव पर भी तीन दिन में प्रत्याशी तय कर दिए जाएंगे।
हुड्डा मैदान में आए तो सोनीपत, नहीं तो कुरुक्षेत्र से लड़ूंगा चुनाव : सैनी
सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि गठबंधन के अंदर सोनीपत सीट लोसुपा व कुरुक्षेत्र बसपा के खाते में आई है। अगर पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा सोनीपत से लोकसभा चुनाव लड़ते हैं तो वे उनके खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। अगर वे चुनाव नहीं लड़ते तो वे फिर कुरुक्षेत्र से मैदान में उतरेंगे। ऐसे में बसपा सोनीपत तो लोसुपा कुरुक्षेत्र सीट से चुनाव लड़ेगी।
गठबंधन के लिए संविधान ही घोषणा पत्र
मीडिया से बातचीत करते हुए गठबंधन के नेताओं ने कहा कि बसपा के लिए डॉ. आंबेडकर द्वारा लिखित भारतीय संविधान ही घोषणा पत्र है। पार्टी अलग से कोई घोषणा पत्र जारी नहीं करेगी। भाजपा व कांग्रेस घोषणा पत्र के नाम पर लोगों को बरगलाते रहे हैं।