निर्वाचन कार्यालय की ओर से आदर्श आचार संहिता के नोडल अफसर अनिल गर्ग ने भाजपा प्रत्याशी किरण खेर को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि उन्हें शिकायत मिली है कि भाजपा प्रत्याशी के फेवर में सेक्टर-52 के मंदिर में एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इन सभी के पास बीजेपी के स्टीकर व बिल्ले मौजूद थे जो चुनाव आचार संहिता का उल्लघंन है।
एडवोकेट पंकज चांद गोठिया की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि भाजपा प्रत्याशी किरण खेर लगातार चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रही हैं। लिहाजा उनका नामांकन रद्द कर दिया जाए और उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगाई जाए। शिकायत में कहा गया है कि मंदिर में माइक व स्पीकर भी लगाए गए थे जो कि आदर्श आचार संहिता का सरेआम उल्लंघन है।
शिकायत मिलने के बाद निर्वाचन कार्यालय की ओर से किरण खेर को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है। बता दें कि इससे पहले भी बीजेपी प्रत्याशी किरण खेर को दो बार आयोग की ओर से नोटिस जारी किया जा चुका है।