पठानकोट में हाथ जोड़े नजर आए अभिनेता धर्मेंद्र
पंजाब के गुरदासपुर में इन दिनों धर्मेंद बेटे सनी देओल के प्रचार में सक्रिय हैं। फिल्म अभिनेता सनी देओल को भाजपा ने पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।
सोमवार को धर्मेंद्र भाजपा नेता जनरल वीके सिंह के साथ पठानकोट के पंगोली चौक स्थित पैलेस में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सनी देओल के पक्ष में वोट देने की अपील की और मीडिया से भी मुखातिब हुए।
जब उनसे सवाल किया गया कि अन्य पार्टियां आरोप लगा रही हैं कि सनी देओल को भाजपा गुमराह कर राजनीति में लाई है। इस पर बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र भड़क गए। उन्होंने कहा कि ‘मैं मां भारती का बेटा हूं। इरादे से चलता हूं। कौन माई का लाल है जो मुझे गुमराह कर सकता है। मेरा परिवार किसी के कहने पर राजनीति में नहीं आया।
मैं किसी की भी नहीं सुनता। मैं अपने दिमाग के बजाय आत्मा की सुनता हूं। मेरी आत्मा ने कहा चल धर्मेंद्र, मैं चल पड़ा। हमारा परिवार देश सेवा के लिए राजनीति में आया है, माल बनाने के लिए राजनीति में नहीं आए साहब! हम वो नेता नहीं जो पैसों की खातिर राजनीति में आते हैं।’ अंत में उन्होंने कहा ‘आई लव माई मदरलैंड।’
राहुल के माफी मांगने से काम नहीं चलेगा: वीके सिंह
भाजपा नेता जनरल वीके सिंह ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के बयान पर कहा कि ऐसे बयान पर उन्हें शर्म आनी चाहिए और राहुल गांधी के सिर्फ माफी मांगने से काम नहीं चलेगा। राफेल पर पीएम मोदी पर कांग्रेस के सवालों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस हवा में बातें कर रही है।