मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश का चौकीदार ही देश का प्रधानमंत्री बनेगा क्योंकि वो नामदार नहीं है। उन्होंने प्रदेश में नौकरियों में पर्ची-खर्ची सिस्टम बंद करके ईमानदारी से नौकरियां दी। यही कारण है कि गरीब परिवार का बेटा भी सरकारी नौकरी में आ रहा है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस के नेता एक स्थान से दूसरे स्थान पर भाग रहे हैं। केंद्र नेतृत्व को कह रहे हैं कि प्रदेश में राहुल गांधी का नाम मत लेना, सिर्फ कांग्रेस के नाम पर वोट मांग लेंगे। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने एक नेता को जींद उपचुनाव में खड़ा कर दिया जबकि वो पहले से विधायक था। इसी तरह पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सोनीपत में फंसाया गया है जबकि उनका बेटा रोहतक से चुनाव लड़ रहा है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दावा किया कि इस बार दोनों बाप-बेटे का सफाया हो जाएगा। संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लोगों से आह्वान किया कि वे हर व्यक्ति से वोट जरूर मांगना और ना केवल वोट मांगना, बल्कि वोटर को बूथ तक लेकर जाना।
सिरसा लोकसभा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सिरसा लोकसभा के सभी विधानसभा हलकों में सुनीता दुग्गल को लीड दिलाने की होड़ लगी हुई है। उन्होंने रतिया के लोगों से कहा कि पिछली बार की कसर निकालना और रतिया की लीड पूरे लोकसभा में सबसे अधिक आनी चाहिए।