अभय सिंह चौटाला ने उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर एक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इनेलो की पार्लियामेंट अफेयर्स कमेटी की बैठक में निर्णय लिया गया है कि चुनाव लड़ने के लिए आए आवेदनों को इनेलो सुप्रीमो के समक्ष रखा जाएगा और उनके दिशा निर्देशानुसार ही पार्टी के बैनर पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची फाइनल की जाएगी। वे अपने आवास पर मीडियाकर्मियों से रूबरू हो रहे थे।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए 16 अप्रैल से आवेदन किए जाएंगे और उससे पहले 14 या 15 अप्रैल को सभी दस लोकसभा सीटों पर इनेलो प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो का गठन चौधरी देवीलाल की वैचारिक सोच और सिद्धांतों पर हुआ है। जिन्होंने सदैव कमेरों और किसानों के हितों के लिए संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब 15 सालों में हरियाणा प्रदेश को कांग्रेस और भाजपा बर्बादी की ओर ले गए हैं। कांग्रेस के 10 साल के शासन में जहां किसानों की बेशकीमती जमीनें कौड़ियों के भाव पर खरीदकर उद्योगपतियों को बेची गईं। यही कारण है कि आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सीबीआई अदालतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी प्रकार भाजपा ने भी किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के झूठे ख्वाब दिखाकर उन्हें लूटा। उनसे कभी फसलों में नमी के नाम पर लूटने की कोशिश की गई तो कभी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के नाम पर लूटा गया।