लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले सांसद किरण खेर पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गईं हैं। उन्होंने तीन दिन में ताबड़तोड़ छह प्रोजेक्ट का शुभारंभ और शिलान्यास किया है। इसके अलावा सोमवार को और 6 प्रोजेक्ट का उद्घाटन करने वाली हैं। इस दौरान खेर हर जगह पर पीएम मोदी का गुणगान करना नहीं भूलीं। बताया जा रहा है कि इस हफ्ते किसी भी दिन लोकसभा चुनावों की घोषणा हो सकती है। चुनाव आचार संहिता लगने के बाद किसी नए प्रोजेक्ट का शुभारंभ और शिलान्यास नहीं हो सकेगा।
इसलिए शहर की सांसद रुके हुए विकास योजनाओं को गति देने में जुट गई हैं। रविवार को किरण खेर ने मलोया में बने फलैट्स के अलॉटमेंट लेटर अलाटियों को सौंपे। वहीं, सांसद की मौजूदगी में ट्रिब्यून चौक पर बनने वाले फ्लाईओवर और अंडरपास की आधारशिला रखी गई। इससे पहले सांसद ने शुक्रवार और शनिवार को सेक्टर 38 और सेक्टर 48 में बने कम्यूनिटी सेंटर का उद्घाटन किया। शनिवार को ही वह टॉयलेट और सड़क का शिलान्यास किया था।
इसलिए नहीं आए पीएम व गृहमंत्री
मलोया में लाभार्थियों को फ्लैट्स और ट्रिब्यून फ्लाई ओवर सहित सभी प्रोजेक्टों के शिलान्यास और उद्घाटन के लिए पहले पीएम मोदी के आने की बात थी। बाद में जानकारी आई कि गृहमंत्री राजनाथ सिंह आएंगे। रविवार को सांसद ने बताया कि पीएम या गृहमंत्री को इन प्रोजेक्ट के लिए आना था। लेकिन देश के हालात को देखते हुए वे नहीं आएं। इसलिए प्रशासन के साथ मिलकर योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जा रहा है।