बीजेपी पर निशाना साधते हुए अमरिंदर सिंह ने कहा कि ''जुमला पार्टी'' पिछले वर्षों में वादों को पूरा करने में विफल रही और अब अधिक ''जुमलेबाजी'' का सहारा ले रही है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के लोग इन खोखले नारों और वादों से तंग आ चुके हैं। वे जानना चाहते हैं कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले पांच सालों में उनके लिए क्या किया। अमरिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि पार्टी पंजाब में सभी 13 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य में बहुत मजबूत स्थिति में है। उसे किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन की जरूरत नहीं है। कांग्रेस राज्य में अकेले लड़ेगी। इस दौरान उनसे जब पूछा गया कि भारतीय वायुसेना द्वारा बालाकोट में की गई एयर स्ट्राइक का चुनाव पर कोई फर्क पड़ेगा। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा होने की संभावना नहीं थी। जैसा भाजपा सरकार ने किया वह कुछ भी असाधारण नहीं है। पुलवामा हमले के बाद जवाब देना सरकार का कर्तव्य था।
जब कांग्रेस सत्ता में रही तब उसने भी ऐसा किया। उन्होंने कहा कि रक्षा बल भारत के असली 'चौकीदार है'। अमरिंदर सिंह ने सेना के राजनीतीकरण पर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी ऐसा नहीं किया। अमरिंदर सिंह की पत्नी पूर्व सांसद परनीत कौर से जब लोकसभा चुनाव के लड़ने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने पूरी तरह से तैयार होने की बात कही।