ट्रैफिक चालान के निस्तारण के लिए शनिवार को चंडीगढ़ में लोक अदालत लगाई गई। इस दौरान लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। आलम यह रहा कि चालान छुड़वाने के लिए सुबह से ही सैकड़ों लोगों की भीड़ जिला अदालत परिसर में पहुंच गई। भारी भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच लोग अपने-अपने फार्म भर चालान छुड़वाने के लिए कड़ी मशक्कत करते नजर आए।
चालान भरने वालों के भीड़ को देखते हुए तीन दिन स्पेशल अदालत लगाने की घोषणा कर दी गई। ऐसे में आज जिनके चालान जमा नहीं हुए, वह अब मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को अपना चालान जमा कर सकेंगे। हालांकि शनिवार को कोर्ट पहुंचे जिन लोगों की पर्ची कट चुकी है, उन्हीं को स्पेशल अदालत में चालान जमा कराने की सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें: Punjab: 50 लाख रिश्वत मामले में फंसेंगे आईजी पीके यादव, विजिलेंस को मिले कई अहम सबूत, जल्द दर्ज होगा केस
शनिवार को लगी लोक अदालत में करीब 4500 लोग पहुंच गए थे। भारी भीड़ के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का करना पड़ा। लोगों ने बताया कि इतनी भीड़ और शोर में उन्हें चालान भुगतने से जुड़ी अहम जानकारी सुनाई ही नहीं दी। कोर्ट स्टाफ उचित व्यवस्था करने में नाकाम रहा। लोग चालान भुगतने के दौरान एक-दूसरे से पहले आगे बढ़ने की होड़ में दिखे। इस दौरान लोक अदालत में चालान के निस्तारण की प्रक्रिया जारी रही।
वहीं कितने लोग अपना चालान छुड़ाने में सफल रहे और कितने असफल, इसका पता शाम को लोक अदालत की समाप्ति के बाद हो पाएगा। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस द्वारा काटे चालान भुगतने के लिए लोग इन लोक अदालतों में पहुंचते हैं। कई गंभीर उल्लंघनों और विशेष प्रकार के चालान सिर्फ लोक अदालत में ही छूटते हैं।