गुरु तेग बहादुर के 400वें जयंती समारोह का लोगो जारी करते मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह।
- फोटो : ANI
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को श्री गुरु तेग बहादुर जी के अप्रैल-मई 2021 के दौरान राज्यस्तर पर मनाए जाने वाले 400वें प्रकाश पर्व का वर्चुअल ढंग से लोगो जारी किया। पहले प्रस्तावित दो चरणों के जश्नों की जगह कोविड के कारण अब यह जश्न एक ही चरण में मनाए जाएंगे।
इन संबंधी कार्यकारी समिति की मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि देश के धर्म निरपेक्ष ढांचे को देखते हुए ‘हिंद की चादर’ के साल भर चलने वाले जश्नों को ‘सर्व धर्म’ वर्ष के तौर पर समर्पित किया जाए। वर्चुअल मीटिंग के दौरान यह भी तय किया गया कि मुख्य प्रोग्राम 23 अप्रैल, 2021 को शुरू होकर एक मई को शानदार ढंग से समाप्त होगा। अमृतसर में श्री गुरु तेग बहादुर जी के जन्म स्थान गुरु का महल से 23 अप्रैल को एक नगर कीर्तन शुरू होकर बाबा बकाला में पहुंचेगा और जश्नों की शुरुआत करेगा।
पर्यटन मंत्री चरनजीत सिंह चन्नी को इस ऐतिहासिक मौके पर किए जाने वाले विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी से संबंधित राज्य के सभी 103 ग्रामीण/शहरी क्षेत्रों में विशेष विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने सुझाव दिया कि इस संबंध में 80 गांवों में से प्रत्येक को 40-50 लाख रुपये और 23 शहरी क्षेत्रों को विकास के लिए एक करोड़ रुपये की राशि आवंटित की जाए।
फंड के लिए केंद्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव
कैप्टन ने मुख्य सचिव विनी महाजन से कहा कि सभी संबंधित विभागों के सचिवों के साथ विचार-विमर्श करके प्रोजेक्टों और होने वाले खर्चों की विस्तृत सूची तैयार की जाए और मंजूरी के लिए कार्यकारी समिति के समक्ष पेश की जाए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि यह सूची भारत सरकार को भी फंड के लिए भेजी जाए, क्योंकि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में श्री गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व जश्नों के लिए एक समिति बनाई जा चुकी है। वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने मीटिंग के दौरान बताया कि एक बार प्रोजेक्टों की सूची को अंतिम रूप दिए जाने के बाद उनके विभाग की तरफ से राज्य स्तर पर अपेक्षित फंडिंग का प्रबंध कर दिया जाएगा।