पंजाब में मंगलवार को 10 नए मामले सामने आए। पटियाला, जालंधर में 5-5 नए पॉजिटिव केस के साथ मंगलवार को सूबे में कोरोना पीड़ितों की तादाद बढ़कर 256 पर पहुंच गई। हालांकि 24 घंटे के दौरान 11 मरीजों के ठीक होने की भी खबर है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 7355 संदिग्ध लोगों के सैंपल की जांच की गई है, जिनमें से 6769 लोगों के सैंपल निगेटिव निगेटिव पाए गए हैं जबकि 335 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है।
राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इस समय 186 मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 1 मरीज वेंटिलेटर पर और 1 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर है। राज्य में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। 24 घंटे के दौरान ठीक हुए 11 मरीजों में, कपूरथला, लुधियाना व फतेहगढ़ साहिब के 1-1, जालंधर के 2 और मोहाली के 6 मरीज हैं। उधर, जो 10 लोग मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, ये सभी पहले से पीड़ित व्यक्तियों के करीबी हैं।
मोहाली में 62 में से कुल 14 लोग ठीक हुए
स्वास्थ्य विभाग के मिले जिलेवार आंकड़ों के मुताबिक, मोहाली जिला 62 मरीजों के साथ अब भी राज्य में सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बना हुआ है। इस जिले में अब तक 2 लोगों की मौत हुई है जबकि 14 लोग ठीक भी हुए हैं। दूसरे नंबर पर जालंधर में कुल मरीजों की संख्या 53 पर पहुंच गई है, जिनमें से 2 की मौत हो चुकी है और 6 लोग ठीक हुए हैं।
तीसरे नंबर पर मुख्यमंत्री के जिले पटियाला में 31 मरीजों में से एक मरीज ठीक हुआ है। पठानकोट के 24 मरीजों में से एक की मौत हो चुकी है जबकि नवांशहर के 19 मरीजों में से एक की मौत होने के बाद 17 मरीज ठीक हो चुके हैं। लुधियाना के 16 मरीजों में से 4 की मौत और 2 लोग ठीक हुए हैं। अमृतसर में 11 मरीजों में से 2 की मौत और 1 मरीज ठीक हुआ है।
मानसा में 11 मरीजों का इलाज जारी है। होशियारपुर के 7 मरीजों में से 1 की मौत और 4 मरीज ठीक हुए हैं। मोगा में 4 कोरोना मरीज अस्पताल में दाखिल हैं जबकि फरीदकोट के 3 मरीजों में 1 मरीज ठीक हुआ है। वहीं, रोपड़ के 3 मरीजों में से 1 की मौत हो चुकी है जबकि संगरूर में 3 मरीजों का इलाज चल रहा है।
बरनाला में 2 मरीजों में से एक की मौत और 1 मरीज ठीक हो चुका है। फतेहगढ़ साहिब और कपूरथला में 2-2 मरीजों में से 1-1 ठीक हो चुका है जबकि गुरदासपुर के 1 मरीज की मौत हो चुकी है। मुक्तसर और फिरोजपुर में भी 1-1 मरीज का इलाज चल रहा है।