केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों पर चंडीगढ़ प्रशासन ने भी शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को शुरू करने का फैसला लिया है। प्रशासन ने फैसला किया है कि बुधवार से शहर में 50 प्रतिशत सवारियों के साथ सीटीयू की नॉन-एसी बसें चलाई जाएंगी।
आदेश में कहा गया है कि अगर मोहाली-पंचकूला व जीरकपुर तैयार होते हैं तो वहां के लिए भी बसें चलाई जाएंगी। हालांकि बसों में यात्रा करने के लिए सिर्फ एक ही 20 रुपये का किराया तय किया गया है। इसके अलावा टैक्सी कैब में ड्राइवर के अलावा दो सवारी और ऑटो रिक्शा में सिर्फ एक सवारी ही बैठ सकेगी। टू-व्हीलर पर दो व्यक्तियों के बैठने पर पाबंदी रहेगी।
मोबाइल में आरोग्य सेतु एप का इंस्टॉल होना जरूरी
प्रशासन की तरफ से जारी आदेशों के मुताबिक, हर सरकारी कर्मचारी के फोन में स्वास्थ्य मंत्रालय का आरोग्य सेतु एप इंस्टॉल होना चाहिए। चंडीगढ़वासियों से भी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने आरोग्य सेतु एप को डाउनलोड करने की मांग की है। डाउनलोड करने के बाद लोगों को इस पर अपना हेल्थ स्टेटस अपडेट करना होगा। इससे उन लोगों को फौरन मदद मिल सकेगी, जिन्हें संक्रमण होने का खतरा है।