पन्नू की तरफ से जारी किया गया वीडियो
- फोटो : वीडियो ग्रैब
विदेश में बैठे आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने मंगलवार को वीडियो जारी कर दावा किया कि खालिस्तान समर्थकों ने श्री गुरु हरगोबिंद साहिब थर्मल प्लांट लहरा मोहब्बत में रेलवे ट्रैक उखाड़ा दिया और अलगाववादी झंडा फहराया। वहीं एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने दावा किया कि पन्नू का वीडियो पुराना है। सिर्फ झंडे लगाए गए थे। इसके अलावा शरारती तत्वों ने खालिस्तान के पक्ष में नारे भी लिखे।
थर्मल प्लांट की दीवारों पर लिखा है कि पंजाब भारत का हिस्सा नहीं है। इस पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी सिख फॉर जस्टिस के गुरपतवंत सिंह पन्नू ने ली है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में कहा है कि खालिस्तान के समर्थकों ने बठिंडा, मक्खू और अमृतसर साहिब के अलावा जी-20 शिखर सम्मेलन के खिलाफ नारे लिखे हैं।
उसने दावा किया कि इन जगहों पर खालिस्तानी समर्थकों ने खालिस्तानी झंडे फहराए हैं। पन्नू ने पंजाब के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और देश के गृह मंत्री को भी धमकी दी है। उसने कहा कि अमृतसर से फिरोजपुर बठिंडा के लिए किसी भी ट्रेन को नहीं चलने दिया जाएगा। उसने पंजाब के लोगों से 15 मार्च से 19 मार्च तक ट्रेनों में यात्रा नहीं करने को कहा है, क्योंकि इस दौरान कोई अप्रिय घटना हो सकती है। गुरपतवंत पन्नू ने रेलवे ट्रैक से क्लिप निकालने का वीडियो भी साझा किया है। एसएसपी गुलनीत खुराना का कहना है कि पन्नू का वीडियो पुराना है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।