शराब बेचने वाला व्यक्ति अक्सर इसी पिंजरे के पास बैठा रहता है और इसी तरीके से खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही है। इस मामले में जब सेक्टर-49 थाना प्रभारी ओम प्रकाश से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उनके इलाके में शराब बिकने की कोई सूचना नहीं है।
चंडीगढ़ सेक्टर-49 के ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के पास एक पब्लिक पार्क में मुर्गे के पिंजरे से शराब बेची जा रही है। इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति पिंजरे के भीतर हाथ डालकर शराब की बोतल निकालता है और फिर उंगली दिखाकर दो बार इशारा करता है। बताया जा रहा है कि यह इशारा एक बोतल लेने का संकेत है। सूत्रों के अनुसार जिस व्यक्ति को इशारा किया जाता है वह पार्क के सामने कुर्सी पर बैठा रहता है। पैसे देने के बाद बोतल पिंजरे से निकलवाई जाती है और ग्राहक शराब जेब में डालकर वहां से चला जाता है।
शराब बेचने वाला व्यक्ति अक्सर इसी पिंजरे के पास बैठा रहता है और इसी तरीके से खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही है। इस मामले में जब सेक्टर-49 थाना प्रभारी ओम प्रकाश से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उनके इलाके में शराब बिकने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच करवाई जाएगी।
गुरुद्वारे के पीछे पार्क में लगाया गया पिंजरा
सूत्रों के अनुसार मुर्गे का यह पिंजरा सेक्टर-49 में गुरुद्वारे के पीछे स्थित पब्लिक पार्क में लगाया गया है। पिंजरे को ऊपर से ढका गया है और उसमें ताला भी लगा हुआ है, जबकि एक तरफ छोटी खिड़की खुली हुई है। इसके जरिये शराब की बोतलें निकाली जाती हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो तीन से चार दिन पहले बनाया गया था।
आईएसबीटी-43 पर बिकती थी खुलेआम शराब
आईएसबीटी-43 पर काउंटर नंबर-5 पर शराब की बिक्री को लेकर अमर उजाला ने स्टिंग ऑपरेशन किया था। स्टिंग ऑपरेशन के बाद स्टेशन सुपरवाइजर को निलंबित कर दिया गया था और सिक्योरिटी सुपरवाइजर को नौकरी से निकाल दिया गया था। अमर उजाला ने 17 मई के अंक में आईएसबीटी-43 का काउंटर नंबर पांच बना शराब का ठेका शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। यहां लंबे समय से शराब की बिक्री की जा रही थी।