अस्पताल पहुंचे भूपेंद्र के परिजनों ने पुलिस पर भूपेंद्र की पिटाई करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि पुलिस की पिटाई से ही भूपेंद्र की हालत बिगड़ी है। गांव की सरपंच मुन्नी देवी ने आरोप लगाया कि भूपेंद्र को रास्ते से हटाने के लिए उसकी पिटाई की है। वहीं खरखौदा सीएचसी के मेडिकल अफसर डॉ. रवीश ने बताया कि सीने में दर्द की शिकायत पर जांच की तो भूपेंद्र का बीपी बढ़ा हुआ मिला।
बीपी नॉर्मल, जल्द कस्टडी में लेंगे: एसपी
आरोपी भूपेंद्र को अचानक तबीयत बिगड़ने पर तुरंत अस्पताल में लाया गया था। वहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। वहां उसकी तबीयत ठीक है। अब उसका बीपी भी नार्मल है, जल्द ही उसे कस्टडी में लेंगे।- जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी सोनीपत
हरियाणा पुलिस द्वारा बहुचर्चित शराब घोटाले के आरोपी किंगपिन भूपेंद्र सिंह की तबियत बिगड़ने की अफवाह ने आज सबको हैरत में डाल दिया। शाम के समय यह खबर उड़ी की भूपेंद्र सिंह को पुलिस कस्टडी में हार्ट अटैक हो गया है। जिसके बाद भूपेंद्र को पीजीआई रेाहतक ले जाया गया है। मामले में बड़े सफेदपोशों का हाथ होने के कारण पुलिस भी घबरा गई कि यह क्या माजरा है। जिसके बाद यह पता चला कि भूपेंद्र की बीपी नार्मल है।
भूपेंद्र का बीपी 120/80 आने के बाद उसे घूमा फिरा कर देखा गया और उसके बाद उससे बातचीत की गई तब पता चला कि स्थिति सामान्य है। भूपेंद्र की पल्स 68 पाई गई। भूपेंद्र की तबियत खराब होने की खबर हरियाणा पुलिस के व्हाटस एप ग्रुप में भी फैली। किसी ने यह खबर उड़ा दी कि मामला गंभ्ीार है। जिसके बाद गांव के लोग भी एकत्र होना शुरू हो गए और पुलिस को एहतियातन अतिरिक्त पुलिस फोर्स मंगवानी पड़ी।
बाद में भूपेंद्र को चला फिरा कर देखा गया और सब सामान्य पाया गया। अब पुलिस इस मामले की तहकीकात कर रही है कि यह अफवाह कहां से फैली। उधर पुलिस को भूपेंद्र को मोबाइल से कई लोगों से बातचीत और एसएमएस के रिकार्ड मिले हैं। जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस के कुछ अफसर भी इस शराब घोटाले में शामिल हो सकते हैं। आसपास के थाना क्षेत्र में शामिल थानेदारों की भी मोबाइल डिटेल खंगाली जा रही है।