चंडीगढ़। यूटी प्रशासन के आबकारी व कराधान विभाग की तरफ से सोमवार को शराब के बचे हुए 11 ठेकों की ई-नीलामी की गई। छठी बार नीलामी के बावजूद सिर्फ इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में स्थित ठेका ही नीलाम हो पाया। 4.50 करोड़ रुपये में ठेके की नीलामी हुई जबकि आरक्षित मूल्य 4.38 करोड़ रुपये था।
इससे पहले 14 मई को हुई पांचवीं नीलामी में विभाग ने 17 में से केवल छह शराब ठेकों को आवंटित किया था जिससे उसे 24.32 करोड़ रुपये के आरक्षित मूल्य के मुकाबले 39.60 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी। 8 मई को आयोजित चौथी नीलामी में 21 में से 11 शराब ठेकों की ही बोली लग सकी थी, जिससे विभाग को 47.97 करोड़ रुपये के आरक्षित मूल्य के मुकाबले 60.76 करोड़ रुपये की आमदनी हुई। वहीं, तीसरे दौर की नीलामी 29 अप्रैल को हुई थी, जिसमें 28 में से सिर्फ 7 ठेके ही नीलाम हो पाए थे। 21 अप्रैल को विभाग ने उन 48 ठेकों को नीलामी में रखा था, जिनके लाइसेंस बैंक गारंटी जमा न करने के कारण रद्द कर दिए गए थे। इन 48 में से केवल 20 ठेकों को ही बोलीदाताओं ने खरीदा और विभाग को 109 करोड़ रुपये के आरक्षित मूल्य के मुकाबले 131 करोड़ रुपये की आय हुई।