प्रदेश के क्रिकेट के इतिहास में एक और अध्याय जुड़ गया है। बिलासपुर स्थित क्रिकेट स्टेडियम में इंटरनेशनल क्रिकेटर युवराज सिंह (युवी) की अकादमी खुल गई है।
एचपीसीए ने प्रदेश के विभिन्न मैदानों में से बिलासपुर के लुहणू क्रिकेट स्टेडियम को इसके लिए चुना है। मंगलवार को युवराज सिंह ने स्वयं बिलासपुर में अकादमी को ऐलान किया।
वाईएससीए (युवराज सिंह एक्सीलेंस ऑफ क्रिकेट) के नाम से क्रिकेट अकादमी चलेगी। अकादमी में सिर्फ हिमाचल ही नहीं बल्कि बाहरी राज्यों के खिलाड़ी एडमिशन ले सकेंगे। महज 300 रुपये मासिक शुल्क होगा।
गरीब बच्चों के लिए मुफ्त कोचिंग
अकादमी में गरीब बच्चों को मुफ्त भी कोचिंग का प्रावधान है। हालांकि, कितनी सीटें इसके लिए रिजर्व रहेगी इसके बारे में खुलासा नहीं किया गया।
युवराज ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि हिमाचल में उनकी अकादमी खुल रही है। इस अकादमी के खुलने से देशभर के बच्चे यहां आएंगे।
यहां के बच्चों को अन्य राज्यों में चल रही उनकी अकादमी में ले जाया जाएगा और वहां के बच्चे यहां आएंगे। बेस्ट टैलेंट को आगे निकालना ही उनका मकसद है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी क्रिकेटरों को समय-समय पर यहां आकर क्रिकेट के गुर सिखाएंगे।
दिसंबर में लगेगा मेगा कैंप
युवराज सिंह ने कहा कि दिसंबर महीने में सर्दियों की छुट्टियों के दौरान यहां क्रिकेट का मेगा कैंप लगेगा। देश भर के लगभग 300 बच्चे यहां एकत्रित होंगे। एक महीने तक क्रिकेट की बारीकियां सिखाई जाएंगी। इनकी एक टीम बनाने की भी योजना है।
टीम तैयार कर इंग्लैंड लेकर जाएंगे। इस अवसर पर एचपीसीए के सचिव संजय शर्मा, सह सचिव प्रेम ठाकुर, युवराज के साथ आए निशांत अरोड़ा, जिला क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता, प्रवक्ता सोनल शर्मा, तुषार डोगरा, राजपाल गौतम समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।