रेल मंत्री सुरेश प्रभु की कृपा एक बार फिर पंजाब पर नहीं हुई। अपने पिछले बजट में भी प्रभु ने पंजाब को कुछ नहीं दिया था। हालांकि, एनडीए-2 का पहला रेल बजट पेश करते हुए तत्कालीन रेल मंत्री सदानंद गौड़ा ने जरूर पंजाब को चार ट्रेनें दी थीं।
रेल बजट में पंजाब के लिए स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं है। तीर्थ स्थलों के रेलवे स्टेशनों के सौंदर्यीकरण की योजना में अमृतसर को शामिल किया गया है। रेल बजट में मोहाली-राजपुरा रेल लिंक के लिए तीस करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके सिरे चढ़ने से मालवा के 14 जिलों को चंडीगढ़ से ट्रेन कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेल बजट में सीमांत इलाके में सुरक्षा को देखते हुए फिरोजपुर-पट्टी रेल लाइन शुरू करने का भी ऐलान किया गया है। रेल मंत्री ने बजट में कुछ और घोषणाएं भी की हैं, पर उनका फायदा पंजाब को मिलेगा या नहीं, यह बजट में स्पष्ट नहीं किया गया है।
बजट में भविष्य की योजनाओं को तो जिक्र है, लेकिन इस साल क्या होगा, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। बजट में 1600 किलोमीटर ट्रैक के इलेक्ट्रिफिकेशन और दो हजार किलोमीटर ट्रैक के दोहरीकरण करने का एलान किया है, लेकिन इसका फायदा पंजाब को होगा या नहीं, यह साफ नहीं है।
रेल मंत्री ने चार नई ट्रेन चलाने का भी एलान किया है, पर इनका लाभ पंजाब को मिलेगा या नहीं, यह साफ नहीं है। धार्मिक स्थलों को जोड़ते हुए आस्था एक्सप्रेस चलाने की भी योजना है। नई दिल्ली-पठानकोट ट्रैक 2017 तक डबल करने का एलान किया गया है। नई दिल्ली व अमृतसर के बीच हाई स्पीड ट्रेन की मांग भी इस बार फिर लंबित रह गई।
पिछले रेल बजट में रेल लाइनों के दोहरीकरण, इलेक्ट्रिफिकेशन और नई रेल लाइनें बिछाने को सर्वे का प्रस्ताव था, यह साफ नहीं किया गया कि इस पर कितना काम हुआ। कुछ नई ट्रेनें चलाने और कुछ ट्रेनों को आगे बढ़ाने की मांग भी पूरी नहीं हुई।
सांसदों की अपील बेअसर
पंजाब के सांसदों ने बजट से पहले रेलमंत्री सुरेश प्रभु से अपने-अपने हलकों को लेकर कई मांगें रखीं थीं, पर किसी पर भी कार्रवाई नहीं हुई। पंजाब की मांग थी कि अमृतसर-नांदेड़ एक्सप्रेस को रोजाना किया जाए। लुधियाना और चंडीगढ़ के बीच चार ईएमयू ट्रेन चलाई जाए।
अमृतसर-अजमेर एक्सप्रेस को नांदेड़ साहिब तक बढ़ाया जाए। राजपुरा-बठिंडा ट्रैक के दोहरीकरण की पुरजोर मांग थी। समराला से आनंदपुर साहिब और आनंदपुर साहिब से गढ़शंकर तक नई रेललाइन की मांग रखी गई थी, लेकिन सांसदों की कोई भी मांग पूरी नहीं हुई।
रेल बजट दूर दृष्टि वाला: बादल
सीएम प्रकाश सिंह बादल ने रेल बजट को संतुलित, लोक पक्षीय और दूर दृष्टि वाला बताया है। रेल मंत्री ने पवित्र स्थानों वाले स्टेशनों केसौंदर्यीकरण की योजना में अमृतसर और नांदेड़ को शामिल किया है। यात्री सुविधाओं को दी प्राथमिकता सभी पंजाबियों के लिए अहम तोहफा है।
इस प्रोजेक्ट से अमृतसर के विकास को और प्रोत्साहन मिलेगा। आस्था सर्किट ट्रेन का स्वागत करते हुए बादल ने कहा कि यह केंद्र सरकार की विलक्षण पहल है। अब लोगों की धार्मिक यात्रा बिना किसी अड़चन पूरी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सिखों के पांच तख्तों की यात्रा भी इस सर्किट का हिस्सा होगी। बादल ने कहा कि मिशन जीरो एक्सिडेंट और टीसीएएस जैसे प्रोजेक्ट सुरक्षित यात्रा यकीनी बनाएंगे।
रेल बजट में कुछ खास नहीं: कैप्टन
प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि रेल बजट में कुछ भी नया और खास नहीं है। यह सिर्फ औपचारिकता है। यात्रियों केलिए न कुछ बदला है और न बदलेगा। पिछले बजट में बुलेट ट्रेन का सपना बेचा गया, इस साल सरकार बुलेट को भूल ही गई। उन्होंने कहा कि रेल बजट में यात्रियों की सुरक्षा को कोई तरजीह नहीं दी गई है। जबकि, लगातार रेल हादसों में कीमती जानें जाती हैं। इसके लिए रेल मंत्री कोई प्रस्ताव नहीं लाए। उन्हें यात्रियों की सुरक्षा को ज्यादा तरजीह देनी चाहिए थी।
रेल बजट पूरी तरह निराशाजनक: भट्ठल
पूर्व सीएम रजिंदर कौर भट्ठल ने कहा है कि रेल बजट निराशाजनक और दिशाहीन है। यह अब तक के इतिहास का सबसे कमजोर बजट है। रेल मंत्री के पास कुछ भी नया नहीं था, उन्होंने कोई नई शुरुआत करने की घोषणा भी नहीं की। रेल मंत्री ने सिर्फ एक बयान ही दिया है कि रेलवे की सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। पर ये कैसा होगा, इस बारे में नहीं बताया गया है। बजट में रेलवे की आय बढ़ाने पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है, जिसके बिना बेहतर सुविधाएं नहीं दी जा सकतीं। बजट में गरीबों को पूरी तरह नजरंदाज किया गया है।
रेल बजट यात्री हितैषी: शर्मा
प्रदेश भाजपा प्रधान कमल शर्मा ने रेल बजट को यात्री हितैषी और यथार्थवादी बताया है। उन्होंने कहा कि रेलवे में पूंजी निवेश बढ़ने से ढांचागत विस्तार व सुधार होगा। वहीं, यात्रियों के लिए अतिरिक्त सेवाएं जुटाई जा सकेंगी। बजट में यात्री किराया न बढ़ा कर और बुजुर्गों का आरक्षण बढ़ा कर लोगों को राहत दी गई है। सबसे प्रशंसनीय कदम महिलाओं की सुरक्षा को हेल्पलाइन नंबर की व्यवस्था करना है। इससे ट्रेन में होने वाले अपराधों पर अंकुश लगेगा, महिलाओं में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी। रेल मंत्री ने दिल्ली-पठानकोट ट्रैक डबल करने का काम 2017 तक पूरा करने की घोषणा की है।
फिरोजपुर-पट्टी लाइन से होगा फायदा: कैरों
फूड सप्लाई मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरों ने फिरोजपुर-पट्टी लाइन शुरू करने के लिए रेलमंत्री सुरेश प्रभु का आभार जताया। उन्होंने कहा कि तरनतारन व फिरोजपुर जिलों के लिए 45 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। सीमांत इलाके को देखते हुए फिरोजपुर-पट्टी के बीच सीधी रेलवे लाइन का निर्माण किया जाएगा। इससे सेना खेमकरण सेक्टर में सुरक्षा बेहतर ढंग से मजबूत कर सकेगी। पट्टी रेलवे स्टेशन से लोडिंग कैपेसिटी को पट्टी अनाज मंडी तक शिफ्ट करने केलिए 21.76 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।