तीन जिलों में अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई।
पंजाब में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए आबकारी और पुलिस विभाग की साझा टीमों ने सोमवार को तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का जिलों में 1.33 लाख लीटर लाहन की बड़ी खेप बरामद कर नष्ट कर दी। आबकारी विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस और आबकारी दोनों विभागों की टीमों की तरफ से तीन जिलों में एक बड़े ऑपरेशन के दौरान 1,33,500 लीटर लाहन नष्ट की गई।
फिरोजपुर और तरनतारन जिलों में तकरीबन 1,25,000 लीटर लाहन बरामद करके नष्ट की गई। फाजिल्का जिले के जलालाबाद के गांव महालम में तकरीबन 6500 लीटर लाहन और फिरोजपुर जिले में तकरीबन 2000 लीटर लाहन बरामद की गई।
फिरोजपुर और तरनतारन के आबकारी और पुलिस विभाग की टीम की तरफ से हरीके में सतलुज और ब्यास दरियाओं के बीच वाले क्षेत्र में साझे तौर पर छापा मारा गया। इस दौरान लगभग 1.25 लाख लीटर लाहन समेत 26 प्लास्टिक की तिरपाल और 10 लोहे के ड्रम बरामद किए गए। टीम ने लाहन को नष्ट कर दिया और थाना हरीके में एफआईआर दर्ज करवाई।
इसी तरह एक आबकारी टीम ने पुलिस के साथ मिल कर गांव महालम (जलालाबाद) में छापा मारा और 70 बोतलें अवैध शराब और 6500 लीटर लाहन बरामद की। कार्रवाई करते हुए टीम ने गांव के एक खेत में लाहन को नष्ट कर दिया। प्रवक्ता ने बताया कि दोनों विभागों की तरफ से फिरोजपुर में साझा ऑपरेशन भी किया गया।
टीम ने गांव ढाणी दरिया वाली में छापा मारा और वहां से 2000 लीटर लाहन बरामद किया। इसके बाद टीम ने खेतों में लाहन को नष्ट कर दिया और केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। प्रवक्ता ने बताया कि जब तक राज्य इस संकट में से बाहर नहीं निकल जाता, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।