पंजाब सरकार ने सौर ऊर्जा के लिए शुरू लैंड ऑन लीज स्कीम को अच्छा रिस्पॉन्स मिलने का दावा किया है। इस स्कीम के तहत अब तक जमीन मालिक अपनी 4580 एकड़ जमीन दे चुके हैं।
स्कीम के तहत जमीन मालिक सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट के लिए अपनी जमीन तीस साल के लिए दे सकते हैं। उन्हें 35-50 हजार रुपये प्रति एकड़, प्रति वर्ष का फायदा होगा।
राज्य के तमाम हिस्सों में भू-मालिकों ने अपनी जमीन देने की पेशकश की है। कैबिनेट मंत्री बिक्रम मजीठिया ने कहा है कि एक स्थान पर कम से कम 25 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। ऐसे में किसान मिलकर भी पेशकश कर सकते हैं। जमीन का पट्टा निर्धारित करने को डिप्टी कमिश्नर की अगुवाई में कमेटी बनेगी।
पट्टे में हर साल पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। पूरी अदायगी चेक से होगी। जमीन अक्तूबर में ली जाएगी, तब तक किसान खरीफ की फसल काट चुके होंगे।
पंजाब एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी और राजस्व विभाग यह यकीनी बनाएंगे कि जमीन पर अवैध कब्जा न हो। तीस साल तक खेती न करने से जमीन की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी। इस योजना के तहत आवेदन करने की आखिरी तारीख 15 जून है।