अनाद कौर, कार्तिक शर्मा, कुंवरप्रीत सिंह
जेईई मेन का रिजल्ट शुक्रवार देर रात जारी किया गया। मोहाली के सेक्टर-70 निवासी कुंवर प्रीत सिंह ट्राइसिटी के टॉपर बने हैं। उनकी आल इंडिया रैंक 58वीं है और पर्सेंटाइल 99.9972 हैं। वहीं, ट्राइसिटी में दूसरे नंबर पर कशिश कौशल रही हैं। उन्हें 99.6505 पर्सेंटाइल मिले हैं।
पंजाब के कार्तिक शर्मा की ऑल इंडिया 42वीं रैंक है। उनके पर्सेंटाइल 99.9985 हैं। वह प्रदेश के टॉप फाइव में शामिल हैं। उन्होंने चंडीगढ़ व मोहाली के कोचिंग सेंटर से गाइडेंस लिया था। पंजाब की ही छात्रा अनाद कौर को 99.9536 पर्सेंटाइल मिले हैं। उनकी ऑल इंडिया रैंक 610 है। अनाद पंजाब की छात्राओं के वर्ग में टॉप पर रही हैं।
उत्तराखंड के देहरादून निवासी बशार अहमद को 99.9930 पर्सेंटाइल मिले हैं। उनकी ऑल इंडिया रैंक 117 है। वह उत्तराखंड के टॉपर बने हैं। बशार अहमद ने मोहाली से कोचिंग ली। दो साल यहीं हॉस्टल में रहे थे। अब ये सभी विद्यार्थी जेईई एडवांस की तैयारी में लगे हैं। जेईई एडवांस 27 सितंबर को है।
जेईई मेन परीक्षा में ट्राइसिटी से आठ हजार से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था। इनमें से आधे ही विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया था। ऑनलाइन परीक्षा एक से छह सितंबर तक चली थी। कोरोना के कारण परीक्षा को लेकर अनिश्चितता रही। इससे पूरा ध्यान परीक्षा पर नहीं रहा। अब जेईई एडवांस में अच्छा स्कोर कर आईआईटी में दाखिला लक्ष्य है।
किसी भी छात्र के पास मोबाइल नहीं
जेईई मेन में शानदार स्कोर करने वाले विद्यार्थियों के पास अपना कोई फोन नहीं है। एक कोचिंग सेंटर ने छात्रों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करवाई। छात्रों ने बताया कि मोबाइल परीक्षा के लिए बाधक बन सकता है। साथ ही अभी फोन की जरूरत भी नहीं है, इसलिए इससे दूरी बनाई। किसी दोस्त आदि से बात करनी पड़ी तो माता-पिता के फोन से वह बात करते थे। विद्यार्थियों ने बताया कि कक्षा दस के बाद से ही उन्होंने जेईई की तैयारी शुरू कर दी थी।