पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर कार्यक्रम के दौरान कुमारी सैलजा को कार्यभार सौंपेंगे। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे ताकि कोई हंगामा न हो। चूंकि, बदलाव से नाराज चल रहे तंवर समर्थक कार्यक्रम के दौरान अपना असंतोष जाहिर कर सकते हैं।
इसे देखते हुए पार्टी पूरी तरह से सतर्क रहने वाली है। पूर्व सीएलपी लीडर किरण चौधरी, कैप्टन अजय यादव व बिश्नोई दंपति के भी कार्यक्रम में उपस्थिति होने पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान ने इस मौके पर किसी तरह की गुटबाजी न दिखाने का कड़ा संदेश दिया हुआ है।
नेता विपक्ष की दावेदारी करेंगे हुड्डा
प्रदेश में भले ही चुनाव के लिए जल्दी आचार संहिता लगने वाली हो, बावजूद इसके पूर्व सीएम व विधायक भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार को विधानसभा में नेता विपक्ष के पद के लिए दावेदारी प्रस्तुत करेंगे। विधानसभा सचिवालय ने बता दिया है कि हुड्डा की ओर से दिए जाने वाले प्रस्ताव के साथ पार्टी प्रदेशाध्यक्ष और पार्टी नेतृत्व के समर्थन का पत्र होना जरूरी है। उसके बाद ही विधानसभा स्पीकर उनके प्रस्ताव पर विचार करेंगे। सूत्रों के अनुसार हुड्डा को आचार संहिता लगने से पहले नेता विपक्ष का दर्जा मिल जाएगा।