केंद्र सरकार द्वारा पेश किया गया बजट एक ‘रोडमैप’ है। यह रोडमैप है विकास का, जिसका विजन लांग टर्म का है। इस बजट में हरेक वर्ग को शामिल किया गया है। यह कहना है टैक्स कंसल्टेंट, चार्टेड एकाउंटेंट और उद्यमियों का। बजट में आम आदमी को क्या मिला क्या नहीं, इस मुद्दे पर अमर उजाला कार्यालय में बजट पर संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान कई ऐसी बातें सामने आई जिसमें लोगों को काफी कुछ मिलने वाला है।
जनता से जुड़े सवालों के जवाब विशेषज्ञों के नजरिये से...
सवाल: क्या बच्चों की हायर स्टडी सस्ती होगी?
जवाब : बजट से हायर स्टडी सस्ती नहीं होगी।
सवाल : क्या मेरे बच्चे की विदेशी पढ़ाई आसान होगी?
जवाब : नहीं, बजट में विदेश में पढ़ाई के लिए कोई प्रावधान नहीं है।
सवाल : क्या जीवन स्तर ऊपर उठेगा?
जवाब : निश्चित रूप से जीवन स्तर ऊपर उठेगा। मोबिलिटी कार्ड और इलेक्ट्रिक व्हील से आने वाले वक्त में काफी राहत मिलेगी।
सवाल : क्या हमको महंगाई से राहत मिलेगी?
जवाब : महंगाई से राहत मिलेगी, क्योंकि इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल लाई जा रही हैं। किसानों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है जिससे देश में रिसोर्स बढ़ेंगे। इसका लाभ हमको मिलेगा।
सवाल : क्या घर बनाना आसान होगा?
जवाब : घर बनाना आसान होगा। क्योंकि अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम को अब बढ़ा दिया गया है। डेढ़ लाख की सीधी छूट लोगों को मिलेगी।
सवाल : टैक्स के जंजाल में तो नहीं उलझूंगा?
जवाब : अब टैक्स का जंजाल पूरी तरह खत्म हो जाएगा। फेसलेस टैक्स असेसमेंट की बात की जा रही है। इससे करदाता और विभाग के बीच संवाद होगा न ही एक दूसरे से मिलना, इससे भ्रष्टाचार रूकेगा। इसके साथ ही रिटर्न फाइल करने का तरीका काफी आसान कर दिया गया है।
सवाल : क्या नौकरियां बढ़ेंगी और वेतन में फायदा होगा?
जवाब : निश्चित रूप से। अबकी बार एफडीआई बढ़ाया गया है। इससे मेगा कंपनियां देश में आ सकती हैं। निश्चित रूप से इससे इंडस्ट्रियल सेटअप बढ़ेगा और नौकरियां भी बढे़ंगी।
सवाल : शेयर लाभ देंगे या नहीं?
जवाब : ऐसा नहीं है। अभी अर्थव्यवस्था पर थोड़ा भार आ जाएगा। इससे शेयर में कुछ नुकसान हो सकता है पर लांग टर्म में यह बेहतरीन परिणाम दे सकते हैं।
सवाल : रसोईं घर का बजट सस्ता होगा या नहीं?
जवाब : रसोईं से अब बजट का संबंध नहीं है। इसका जीएसटी से सीधा संबंध है।
सवाल : क्या घूमना फिरना आसान होगा?
जवाब : घूमना फिरना आसान तो नहीं होगा, पर आईकोनिक टूरिज्म प्लेस तैयार करने की बात की जा रही है। इससे लोगों को जरूर लाभ होगा।