हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि किसानों की भीड़ में कुछ असामाजिक तत्व शामिल हो चुके हैं और एक अलग विचारधारा रखने वाले ये लोग माहौल को खराब करने की साजिश कर रहे हैं। इन असामाजिक तत्वों पर हमारी पूरी नजर है। हम माहौल खराब करने वालों को किसी कीमत पर नहीं बख्शेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि समय आने पर इसका खुलासा करेंगे।
सीएम ने कहा कि इनपुट मिला है कि किसानों की भीड़ में शामिल असामाजिक तत्व अपने ऑडियो-वीडियो में नारे लगाते हुए धमकी दे रहे हैं कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को नहीं छोड़ा और अब मोदी को भी देख लेंगे। सीएम ने कहा कि हमारे सामने जब भी कोई शिकायत का विषय आता है तो उसके पीछे साजिश को उजागर कर उसका पर्दाफाश कर दोषियों को सजा दिलाते हैं।
किसी को बख्शते नहीं है। हमारी आदतें पूर्व कांग्रेस सरकारों की तरह समस्याओं और शिकायतों को कारपेट के नीचे दबाने की नहीं हैं, हम उस पर कार्रवाई करते हैं। इससे समस्या हटती नहीं, बल्कि दबती है।
किसान आंदोलन कैप्टन की साजिश का हिस्सा
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के पीछे कैप्टन की साजिश है। मनोहर ने कहा कि वे तीन दिन से छह से सात बार पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से फोन पर संपर्क कर उनसे बात करने की कोशिश कर रहे हैं, मगर उनके आसपास के लोग फोन उठाकर उनकी व्यस्तता का बहाना बनाते हैं, बात नहीं करवाते। यदि कोई सीएम व्यस्त है और बात करने में असमर्थ है तो अपनी व्यस्तता से फ्री होकर बात कर सकता है।
मनोहर ने कहा कि कैप्टन के कार्यालय के कार्ड होल्डर लोग प्रदर्शनकारी किसानों को गाइड कर रहे हैं, उन्हें लीड कर रहे हैं। अपने छह साल के कार्यकाल में मैंने कभी ऐसा नहीं देखा। किसानों के नाम पर जो राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम किया जा रहा है, वो दुर्भाग्यपूर्ण हैं। केंद्र द्वारा किसानों से बातचीत की अपील की गई है। किसान संगठनों से पूछा जा रहा है कि वे बताएं कि कितनी संख्या में आकर वे केंद्र से बात करना चाहते हैं। मेरा किसान संगठनों के नेताओं को भी यही कहना है कि बातचीत से ही इसका हल निकलेगा।
किसान आंदोलन पर शाह ने मनोहर से लिया फीडबैक
दिल्ली में किसान आंदोलन को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से फीडबैक लिया है। शनिवार देर शाम सीएम मनोहर लाल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले और उनसे विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। सूत्रों ने बताया कि शाह ने मनोहर लाल से किसान आंदोलन और उनसे जुड़े मुद्दों व मांगों पर चर्चा की है।
सीएम लगातार विभिन्न किसान संगठनों से बातचीत के जरिए इस आंदोलन का हल निकालने की अपील कर रहे हैं। मनोहर लाल कह चुके हैं कि इसका हल बातचीत के माध्यम से ही निकल सकता है। अमित शाह ने हरियाणा के विभिन्न बॉर्डरों से होते हुए दिल्ली की दहलीज तक पहुंचे पंजाब के किसानों के बारे में भी सीएम से जानकारी हासिल की।