लंबे समय बाद हरियाणा-दिल्ली सीमा पर स्थित झाड़ोदा बॉर्डर को दिल्ली पुलिस ने खोल दिया है। अब लोगों के लिए दिल्ली जाना आसान हो जाएगा। दिल्ली पुलिस ने झाड़ोदा चौकी के बाहर लगाए गए बैरिकेड को एक दिशा से खोल दिया। हरियाणा से जाने और दिल्ली से आने वाले वाहन चालकों को पिछले काफी दिनों से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, अब उनकी समस्या का समाधान हो गया।
तीन कृषि कानूनों की मांग को लेकर तीन माह से अधिक समय से बहादुरगढ़ के टीकरी बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन के चलते झाड़ोदा बॉर्डर को नवंबर महीने में ही बंद कर दिया गया था। आंदोलन शुरू होने के कई दिनों बाद दिल्ली पुलिस ने एक तरफ का रास्ता खोला था। वहीं से वाहनों का आवागमन हो रहा था।
मगर 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा के चलते दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए झाड़ोदा बॉर्डर को दोबारा पूरी तरह से सील कर दिया था। यहां पर हरियाणा की सीमा में लोहे के बैरिकेड, उनके ऊपर कंटीले तार, कंक्रीट की तीन फुट चौड़ी और चार फुट ऊंची दीवार को अवरोधक बनाया गया। इसके बाद मिट्टी भरकर ट्राले भी खड़े थे। इससे 100 मीटर आगे झाड़ोदा चौकी के बाहर भी मजबूत बैरिकेडिंग की गई थी। इसके चलते यहां पर आवागमन पूरी तरह बंद था। झाड़ोदा बार्डर से दुपहिया और कारों का आवागमन तो शुरू हो गया।