हाईवे पर बढ़ाई गई सुरक्षा।
- फोटो : अमर उजाला
किसान नेताओं के आह्वान पर दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित हरियाणा-राजस्थान सीमा के खेड़ा बॉर्डर धरनास्थल पर किसानों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। किसानों के पड़ाव में अलवर, हनुमानगढ़, सीकर, कोटा, जयपुर, जोधपुर, बूंदी और रेवाड़ी जिले के किसान शामिल हो रहे हैं। करीब तीन किलोमीटर की दूरी में फैले पड़ाव में किसानों की संख्या करीब पांच हजार पहुंच गई हैं। शुक्रवार को इतनी ही संख्या में और किसानों के पहुंचने की संभावना है।
कल हनुमान बेनीवाल भी करेंगे दिल्ली कूच
बता दें कि सांसद हनुमान बेनीवाल ने सैकड़ों किसानों के साथ 26 दिसंबर को दिल्ली कूच करने का एलान किया है। ऐसे में दो दिन पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ सकती है। कुछ दिनों पहले भी सांसद अपने समर्थकों के साथ बॉर्डर पर पहुंचे थे लेकिन हरियाणा पुलिस ने प्रदेश की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया था।
यह भी पढ़ें- हरियाणा में आज बंद रहेंगी मंडियां, तीन दिन तक टोल मुक्त करेंगे किसान, यमुनानगर में धारा- 144 लागू
पुलिस ने जगह-जगह की नाकाबंदी
किसानों के दिल्ली कूच के आह्वान के बाद रेवाड़ी पुलिस की ओर से हाईवे पर जगह-जगह नाकाबंदी कर दी गई है। खेड़ा बॉर्डर भी पुलिस की संख्या को बढ़ा दिया है। पुलिस किसी भी सूरत में किसानों को हाईवे के रास्ते दिल्ली जाने से रोकने का प्रयास करेगी। पुलिस की ओर से हाईवे स्थित संगवाड़ी के समीप कंटेनर लगाकर भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया है।
बनीपुर चौक पर भी जारी है धरना
दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित बनीपुर चौक पर बावल चौरासी की ओर से दिया जा रहा धरना भी 11वें दिन जारी रहा। गुरुवार को कृषि कानूनों के विरोध में 11 किसानों ने क्रमिक अनशन किया। इस अवसर पर रामकिशन महलावत, सुमेर जेलदार, सरजीत महलावत, युद्धवीर व ईश्वर महलावत सहित अन्य मौजूद रहे।