किसान नेताओं ने कहा कि 31 दिसंबर को टिकरी व कुंडली बॉर्डर से दिल्ली के लिए किसान संगठनों के आह्वान पर ट्रैक्टर मार्च किया जाएगा। इसमें 50 हजार से अधिक ट्रैक्टर लेकर किसान मार्च करेंगे। ट्रैक्टर मार्च में शामिल होने मोगा से 5000 ट्रैक्टर टिकरी और कुंडली बॉर्डर पहुंचेंगे। इसके अलावा यह भी कहा गया है कि अगर पंजाब पुलिस इस आंदोलन के दौरान किसी भी प्रकार का अड़ंगा डालती है तो पुलिस को किसान विरोधी समझा जाएगा।
यह भी पढ़ें- किसान आंदोलन : केजरीवाल देंगे किसानों को मुफ्त वाई-फाई की सौगात, सिंघु बॉर्डर से होगी शुरुआत
जियो के टावरों के पास तैनात की पुलिस
कुछ किसानों ने एकता नगर में लगे जियो के मोबाइल टावर का कनेक्शन काट दिया था। वहां के जेनरेटर को उखाड़कर करीब तीन सौ मीटर दूर रख दिया गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चार किसानों को हिरासत में लिया था। एक घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया था। पुलिस को अंदेशा है कि किसानों की आड़ में शरारती तत्व टावर को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इस कारण एकता नगर समेत शहर के अन्य जियो टावरों के पास पुलिस तैनात कर दी गई है।