केंद्र सरकार किसानों से बातचीत को तैयार : मुंडा
केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि सरकार विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के साथ वार्ता के लिए तैयार है। वह भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) सोसाइटी की सालाना आम बैठक से इतर बोल रहे थे। बता दें कि केंद्र सरकार व किसानों के बीच अब तक चार दौर की बातचीत हो चुकी है, पर कोई समाधान नहीं निकला। फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों को लेकर किसान दिल्ली मार्च पर अड़े हैं।
भाकियू चढ़ूनी का बाहर से समर्थन
भाकियू चढ़ूनी के गुरनाम चढूनी ने कहा कि उनका पंजाब का संगठन आंदोलन में शामिल है। वे भी किनारे से आंदोलन में सहयोग करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार किसानों पर अत्याचार बंद करे। किसान अपना अधिकार मांग रहे हैं। उन्होंने मांग रखी कि सरसों की फसल एमएसपी से 1500 से 1800 रुपये कम पर बिक रही है। सरकार भावान्तर योजना के तहत किसानों के नुकसान की भरपाई करे। साथ ही गेहूं का भाव 2700 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। अन्यथा भाकियू कोई बड़ा फैसला लेगी।