मुख्यमंत्री ने कृषि कानूनों के बारे में बीते साल केंद्र सरकार द्वारा गठित की गई समिति के बारे में भी लोगों को गुमराह करने के लिए केजरीवाल की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इन काले कानूनों पर एक बार भी विचार नहीं किया गया और यहां तक कि समिति ने इसका जिक्र तक भी नहीं किया।
केजरीवाल का पलटवार, कहा- ओछी राजनीति कर रहे कैप्टन
पंजाब के मुख्यमंत्री के आरोपों का दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने जवाब दिया। केजरीवाल ने कहा है कि इतने नाजुक समय पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ओछी राजनीति करने पर उतर आए हैं। बतौर मुख्यमंत्री सब कुछ जानते-समझते हुए भी अमरिंदर सिंह दिल्ली सरकार पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कृषि कानून पास करने के कैप्टन अमरिंदर सिंह के आरोप झूठे हैं।
केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि जिस दिन राष्ट्रपति ने इन कानूनों पर हस्ताक्षर कर दिए थे, उसी दिन पूरे देश में कानून लागू हो गए थे। किसी प्रदेश के हाथ में नहीं है कि वह कानून लागू करे या न करे। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी किसान दिल्ली तक आकर केंद्र सरकार से यह कानून रद्द करवाने की मांग कर रहे हैं। यदि किसी प्रदेश के हाथ में कानून रद्द करने की शक्ति होती तो किसान अपने प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से यह कानून वापस करवाने की मांग करते। यह लड़ाई सिर्फ किसानों की नहीं है, बल्कि हम सबकी है। कैप्टन किस के दबाव में आकर मेरे खिलाफ झूठा प्रचार कर रहे हैं। केजरीवाल ने केंद्र की मोदी सरकार से अपील की है कि किसानों की मांगों को जल्दी पूरा किया जाए।