हरियाणा की एक राज्यसभा सीट के उपचुनाव के लिए पूर्व सीएम चौधरी बंसीलाल की बहू किरण चौधरी ने आज नामांकन भर दिया। इस दौरान सीएम नायब सैनी भी उनके साथ मौजूद रहे।
इस दौरान किरण चौधरी ने कहा कि मैं सबसे पहले भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पीएम नरेंद्र मोदी, मनोहर लाल, जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी समेत सभी विधायकों का धन्यवाद करती हूं। हमारे परिवार का भाजपा के साथ बहुत पुराना रिश्ता रहा है। प्रधानमंत्री मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की नीतियों से प्रभावित होकर मैं भाजपा में शामिल हुई हूं... हमेशा से मैंने बहुत ईमानदारी और नीयत के साथ काम किया है और आने वाले समय में भी मैं राज्यसभा में हरियाणा के सभी विषयों को उठाऊंगी।
किरण चौधरी के नामांकन के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि किरण चौधरी ने आज नामांकन दाखिल किया है। उन्हें बहुत-बहुत बधाई देता हूं। हमारे सभी विधायक यहां मौजूद हैं। अन्य विधायकों ने भी किरण चौधरी को समर्थन दिया।
जोगीराम सिहाग, अनूप धानक, नयनपाल रावत, रामनिवास सूरजाखेड़ा, रामकुमार गौतम और गोपाल कांडा ने भी चौधरी को समर्थन दिया। पार्टी ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि राज्यसभा में किरण जाएंगी। किरण चौधरी का लंबा अनुभव रहा है। दिल्ली में विधानसभा अध्यक्ष भी रही हैं। वह हरियाणा के मुद्दों को प्रमुखता से राज्यसभा में उठाएंगी। राज्यसभा में भी हमारी ताकत बढ़ गई है।
कांग्रेस में 45 साल बिताए, अंतिम सांस तक भाजपा की सेवा करूंगी
नामांकन दाखिल करने के बाद किरण चौधरी ने कहा कि उन्होंने भले ही कांग्रेस में 45 साल बिताए हों, मगर अब वह भाजपा के साथ हैं और अंतिम सांस तक पार्टी की सेवा करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि वह चौधरी बंसीलाल के परिवार से ताल्लुक रखती हैं, जिन्होंने 1990 के दशक में भाजपा के साथ गठबंधन में हरियाणा में सरकार चलाई थी। भाजपा से उनके पुराने संबंध हैं और वह उनकी नीतियों से प्रभावित थीं।